साक्षी महाराज का मॉब लिंचिंग पर विवादित बयान
झारखंड में हुई मॉब लिंचिंग के शिकार हुए तबरेज अंसारी के मामले उन्नाव से बीजेपी सांसद साक्षी महाराज ने विवादित बयान दिया है। मीडिया द्वारा मॉब लिंचिंग के सवाल पर बोलते हुए कहा, ‘ये मीडिया के लिए तो बहुत बड़ा दुर्भाग्य है, जहां तबरेज अंसारी तो याद आता है, लेकिन सैकड़ों हिन्दू मार दिए गए वो याद नहीं आते’।
साक्षी महाराज बीजेपी के सदस्यता अभियान कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे थे। इस दौरान पत्रकारों ने जब तबरेज अंसारी के साथ हुई मॉब-लिंचिंग पर सवाल पूछे तो साक्षी महाराज ने मीडिया पर ही सवाल खड़े कर दिए। उन्होंने भड़कते हुए कहा, ‘ये मीडिया के लिए तो बहुत बड़ा दुर्भाग्य है, जहां तबरेज अंसारी तो याद आता है, सैकड़ों हिन्दू मार दिए गए वो याद नहीं आते’।
बीजेपी सांसद ने कहा, ‘कश्मीर में सैनिकों के साथ क्या हो रहा है, आपको याद नहीं आता। चांदनी चौक में मंदिर तोड़ दिया गया वो नहीं दिखाई देता। छोटी-छोटी लड़कियों के साथ बलात्कार हो रहा वो नहीं दिख रहा है। केवल तबरेज अन्सारी की आप बात कर रहे हैं। इस हिंदुस्तान में और लोग भी रहते हैं।’

