कांवड़ मेला क्षेत्र पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा:जिलाधिकारी

Spread the love

हरिद्वार।देवभूमि खबर। जिलाधिकारी हरिद्वार दीपेन्द्र कुमार चौधरी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार जन्मजेय खंडूरी ने 15 जुलाई से शुरू होने वालेे कावंड़ मेले के तैयारियों को लेकर समस्त प्रशासनिक अधीकारी, पुलिस अधिकारी तथा अखाड़ा परिषद एवं धार्मिक संस्थानों के पदाधिकारियों के साथ समन्वय बैठक की।

जिलाधिकारी ने कांवड़ मेला सकुशल सम्पन्न कराने को संत समाज, व्यापार मण्डल, धर्मशाला समिति, होटल एसोसिएशन आदि के प्रतिनिधियों के सुझाव भी आमंत्रित किये। बैठक में आये सुझावों को महत्वपूर्ण मानते हुए सभी यात्रियों तथा स्थानीय नागरिकों के हित में अमल में लाये जाने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था का प्रतीक है। कांवड़ मेला क्षेत्र पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा, इसके लिए अभियान चलाया जाएगा। शंकराचार्य चैक के पास से सटरिंग को मेले के दौरान हटा दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड यात्रा के दौरान लगभग 03 करोड़ कांवड़ यात्रियों की हरिद्वार आने की संभावना है। इतने बड़े स्तर पर जनसमुदाय को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन, स्थानीय नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ-साथ संत समाज की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्णं है। उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा के लिए हिल बाईपास मार्ग खोल दिया गया है। कांवड़ मेले के दौरान सभी आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति गैस, सब्जी आदि के वाहनों को रोका नहीं जाएगा। कांवड़ मेले के दौरान सभी अस्पतालों में कांवड़ वार्ड बनाने के निर्देश दिये। कांवड़ मार्ग पर शौचालय, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिये।
हरिद्वार से होकर आने-जाने वाली सभी रेलगाड़ियों का स्टाॅपेज रायवाला एवं मोतीचूर स्टेशन में भी बनाये जाने की मांग पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री ललित नारायण मिश्र ने बताया कि रेलवे विभाग को इस संबंध में अवगत करा दिया गया है, जिसकी मौखिक स्वीकृति मिल चुकी है, लिखित स्वीकृति मिलने के उपरांत इसका व्यापक प्रचार प्रसार भी कराया जाएगा। इस अवसर पर समस्त अखाड़ों के प्रतिनिधि एवं जनपदस्तरीय विभागीय अधिकारीगण उपस्थित थे।

देवभूमि खबर

Related articles