बलिया नाले के भू-स्खलन क्षेत्र के सर्वे को 14 जुलाई को पहुंचेगी इसरो की सर्वे टीमः डीएम

बलिया नाले के भू-स्खलन क्षेत्र के सर्वे को 14 जुलाई को पहुंचेगी इसरो की सर्वे टीमः डीएम
Spread the love

नैनीताल।देवभूमि खबर। बलिया नाले के भू-स्खलन क्षेत्र के सर्वे के लिए 14 जुलाई को इसरो की सर्वे टीम पहुॅच रही है। जानकारी देते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि बलिया नाले में लगातार हो रहे कटाव एवं भू-धंसाव के कारण रईस होटल हरिनगर क्षेत्र की संवेदनशीलता में दिन प्रतिदिन बढ़ोत्तरी हो रही है। जिसके मध्य नजर क्षेत्र की अति संवेदनशीलता को देखते हुए भारतीय भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) द्वारा किए गए सर्वेक्षण के उपरान्त निवासरत परिवारों की जान-माल की सुरक्षा को दृष्टिगत अन्यत्र विस्थापित करने का कार्य किया गया है तथा अन्य प्रक्रियाएं गतिमान है।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि बलियानाला की पहाड़ियों की संवेदनशील हो चुके ढाल की इसरो से हाई रेजुलेशन ड्रोन मैपिंग व डिफ्रेंशियल ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम (डीजीपीएस) सर्वे कराना आवश्यक है, जिससे क्षेत्र की वल्नरेबिलिटी मैपिंग करते हुए संभावित खतरे का विश्लेषण किया जा सके साथ ही उस क्षेत्र के पूर्व में चिन्हित भवनों के अतिरिक्त अन्य संवेदनशील भवनों को भी चिन्हित किया जाना संभव हो पाएगा और संभावित जन-हानि को भी न्यून करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने बलियानाला पहाड़ियों एवं आसपास के क्षेत्रों की ड्रोन मैपिंग व डिफ्रेंशियल ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम (डीजीपीएस) सर्वे कराने के लिए निदेशक भारतीय सुदूर संवेदन संस्थान से सर्वेक्षण हेतु वार्ता की गई थी। जिसके स्वीकृति के उपरान्त आगामी 14 जुलाई को इसरो की टीम हाई रेजुलेशन ड्रोन मैपिंग व डिफ्रेंशियल ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम (डीजीपीएस) सर्वे के लिए नैनीताल आ रही है।

देवभूमि खबर

Related articles