108 के पूर्व कर्मचारियों ने अपनी माँगो को लेकर निकाली रैली

देहरादून।देवभूमि खबर। नई कंपनी में समायोजन की मांग को लेकर एंबुलेंस 108 और खुशियों की सवारी (केकेएस) के कर्मचारियों का परेड ग्राउंड में बेमियादी धरना जारी है। अपनी मांगों को लेकर 108 कर्मचारियों ने मंगलवार को रैली निकाली। उन्होने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कहा कि हमें हमारा रोजगार वापस दो। 108 कर्मचारियों को जहां कांग्रेस समेत कई संगठनों ने समर्थन दिया है वहीं कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं हो जाती, तब तक आंदोलन जारी रखेंगे। उन्होंने सरकार और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर आक्रोश जताया। कर्मचारियों का कहना है कि वे काफी समय से 108 सेवा में रोजगार के साथ ही इमरजेंसी सेवा दे रहे हैं किन्तु अब उनकी नौकरी पर तलवार लटक गई है। 108 में लगे करीब 700 कर्मचारियों के सामने रोजगार का संकट पैदा हो गया है। इन कर्मचारियों का आरोप है कि नई कंपनी उन्हें पहले से काफी कम वेतन ऑफर कर रही है। इसमें उनके परिवारों का भरण पोषण संभव नहीं है। यही वजह है कि कर्मचारी इस मामले में सरकार से हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार के स्तर से अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इस दौरान महेश जोशी, नीरज शर्मा, रमेश डंगवाल, अनिल रावत, शशिपाल कठैत, राजमोहन सिंह आदि मौजूद रहे।

