महाकुंभ मेला व्यवस्थाओं पर अखाड़ा परिषद अध्यक्ष व महामंत्री ने मुख्यमंत्री से की चर्चा

Spread the love

हरिद्वार।देवभूमि खबर। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमहंत नरेंद्र गिरी महाराज व राष्ट्रीय महामंत्री श्रीमहंत हरिगिरी महाराज ने राजधानी देहरादून में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से मुलाकात कर 2021 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले महाकुंभ की व्यवस्थाओं पर चर्चा की। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक भी मौजूद रहे। भेंटवार्ता के दौरान श्रीमहंत नरेंद्र गिरी महाराज ने कहा कि महाकुंभ मेले की व्यवस्थाएं दुरूस्त होनी चाहिए। बाहर से आने वाले संतों के साथ-साथ स्थानीय अखाड़ों, आश्रमों, मठ मंदिरों के संतों को किसी भी प्रकार की महाकुंभ मेले के दौरान अव्यवस्थाओं का सामना ना करना पड़े। अखाड़ों आश्रमों की भव्यता व सुन्दरता को लेकर रणनीति बना लेनी चाहिए। कुंभ क्षेत्र में बड़े पैमान पर संतों महामण्डलेश्वरों के शिविर लगने हैं। उन स्थानों की चाक चैबंद व्यवस्थाएं होनी चाहिए। नरेंद्र गिरी महाराज ने कहा कि शिविर के स्थानों पर बिजली, पानी, सड़कें, पार्किंग आदि की व्यवस्थाओं को भी पूर्ण रूप से लागू कराया जाए। महाकुंभ मेले की भव्यता व आकर्षण को लेकर कुंभ मेला अधिकारियों को निर्देशित किया जाना चाहिए। उन्हांेंने कहा कि कुंभ मेले की भव्यता व सुन्दरता को लेकर अभी से ही युद्ध स्तर पर कार्य किए जाएं। आधे अधूरे निर्माण कार्यो को चिन्हित कर तुरंत पूरा किया जाए। जिससे महाकुंभ मेले में कोई भी व्यवधान उत्पन्न ना हो। खासतौर पर लंबे से अधूरे पड़े हाईवे को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। फ्लाईओवर, पुलों के निर्माण भी अतिशीघ्र पूरे किए जाएं। साथ ही स्थाई गंगा घाटों के सौन्दर्यकरण की योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू कराया जाए। स्थायी निर्माणों पर अधिक से अधिक बल दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था भी चाक चैबंद होनी चाहिए। अखाड़ा परिषद के महामंत्री हरिगिरी महाराज ने कहा कि प्रयागराज की तर्ज पर ही धर्मनगरी हरिद्वार में होने वाले महाकुंभ मेले को भी भव्यता के साथ संपन्न कराया जाए। अखाड़े आश्रमों के संत लगातार अपनी समस्याओं से शासन प्रशासन को अवगत कराते चले आ रहे हैं। बिजली, पानी, शौचालय की व्यवस्थाओं को लेकर एकमत होकर संत कार्य योजनाएं बना रहे हैं। सरकार व अधिकारियों को महाकुंभ की व्यवस्थाओं के दौरान संतों के साथ भी विचार विमर्श करना चाहिए। ताकि अखााड़ों की जरूरतों के अनुसार व्यवस्थाएं लागू हो सकें। इस दौरान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत व शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने संतों को आश्वासन देते हुए कहा कि आधे अधूरे कार्यो को जल्द से जल्द पूरा कराया जाएगा। हाईवे का निर्माण को लेकर हाईवे अथाॅरिटी के अधिकारियों से समय समय पर बातचीत कर निर्देश दिए जा रहे हैं। फ्लाईओवर व पुलों के निर्माण जल्द से जल्द पूरा किए जाएंगे। यातायात व पार्किंग के साथ साथ स्थायी निर्माण कराने पर सरकार गंभीरता से अधिकारियों को दिशा निर्देश भी दे रही है। संतों के सानिध्य में महाकुंभ मेला भव्यता के साथ सकुशल संपन्न होगा। बैठक के दौरान कुंभ मेला आईजी संजय गुंज्याल व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles