टी0बी0 से डटकर मुकाबला कर पूरा उपचार करने वालों को टीबी चैंपियन के सम्मान से नवाजा
रुद्रप्रयाग।स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में आयोजित जिला टी0बी0 फोरम की बैठक में क्षय उन्मूलन अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर उपचार प्रदाताओं के साथ टीबी रोगी रहे उन मरीजों को टीबी चैंपियन के सम्मान से नवाजा गया जो टी0बी0 से डटकर मुकाबला कर पूरा उपचार लेते हुए अब स्वस्थ जीवन व्यतीत कर रहे हैं।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला सभागार आयोजित बैठक में जनपद में क्षय रोग का पूर्ण उन्मूलन करने पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी श्री मंगेश घिल्डियाल ने स्वास्थ्य विभाग को अधिक से अधिक क्षय रोगी खोजकर उन्हें समुचित उपचार देने के लिए निर्देषित किया। उन्होंने क्षय उन्मूलन अभियान 2024 को सफल बनाने हेतु प्रत्येक चिकित्सा इकाई से छाती रोग से पीड़ित रोगी को नजदीकी बलगम जाॅच केन्द्र में सदर्भित कर, संदर्भण दर वृद्वि सुनिष्चित करने के निर्देष भी दिए।
वरिष्ठ जिला क्षय अधिकारी रूद्रप्रयाग डाॅ0 जे0एस0 नेगी, ने क्षय रोग एवं जनपद अन्तर्गत क्षय रोग की स्थिति के बारे में जानकारी दी गयी। उन्होंने टीबी फोरम के सदस्यों से क्षय रोग के प्रति समाज में फैली भ्राॅन्तियों को दूर करने के लिए जागरूकता में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि टीबी रोग माइकोबैक्टीरियम ट्यूबरकुलोसिस रोगाणु के संक्रमण के कारण होता है, और यदि रोगी नियमित रूप से 6 माह का उपचार पूर्ण करे, तो वह पूरी तरह से सामान्य व्यक्ति की तरह ही ठीक हो जाता है। यदि पूरी तरह ठीक होने से पहले ईलाज बीच में ही छोड़ दिया जाय, तो बैक्टीरिया की दवाओं के खिलाफ प्रतिरोधक क्षमता विकसित हो जाती है, और एम0डी0आर0 टी0बी0 हो जाती है, एवं उपचार 18 माह से 24 माह तक चलाया जाता है क्योंकि इस दशा में आम दवाईयाॅ असर नहीं करती हैं, साथ ही अवगत कराया गया कि प्रत्येक पंजीकृत रोगी को उपचार के दौरान प्रति माह 500 रूपये पोषण भत्ता दिया जाता है, तथा क्षय रोगी के प्रथम सूचना दाता को 500 रूपये प्रोत्साहन राशि दी जाती है।
इसी क्रम में जिलाधिकारी श्री घिल्डियाल के हाथों टीबी रोग उपचार प्रदाता एवं टी0बी0 रोगियों को प्रशस्ति पत्र एवं शाॅल भेंट कर टी0बी0 चैम्पियन के रूप में सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला टी0बी0 फोरम के सदस्य सहायक परियोजना निदेषक श्री रमेष चन्द्र, अधिशासी अधिकारी जिला पंचायत श्री जगदीष प्रसाद आर्य, जिला सूचना अधिकारी ज्योति सुद्रियाल, एडवोकेट श्री आशीष नेगी, श्री लखपत सिंह भण्डारी, श्री पंकज नेगी एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों/ आर0एन0टी0सी0पी0 कर्मियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।
