जिलाधिकारी की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को लेकर बैठक
रूद्रप्रयाग।जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल की अध्यक्षता में जिला सभागार में किसानों की लागत, मेहनत, फसल को होने वाली क्षति होने एवं उत्तराखण्ड सरकार द्वारा रबी की फसल के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के सफल संचालन के लिए गैर सरकारी संगठन, कृषि विभाग के अधिकारी, न्याय पंचायत प्रभारी के साथ किसानों के फसल का बीमा किए जाने के संबंध में बैठक ली।
जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने कहा कि किसानों की फसल की क्षति होने पर राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में योजना के क्रियान्वयन हेतु एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कम्पनी ऑफ इण्डिया लिमिटेड ए.आई.सी. को अधिकृत किया गया है। किसानों को फसल का बीमा करने के लिए 15 दिसम्बर 2019 अंतिम तिथि निर्धारित की गयी है। उन्होंने कहा कि फसल का बीमा करने के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक, खतौनी नकल आदि दस्तावेजों के साथ न्याय पंचायत प्रभारियों से समन्वयय स्थापित करते हुए सी.एस.सी. सेंटर के माध्यमों से या बैंक की किसी निकटतम शाखाध्सहकारी समिति(जहॉ उनका बचत खाता है) या क्राप इंश्योरेंस एप या फसल बीमा पोर्टल आदि के माध्यम से फसल का बीमा करवा सकते है। इस योजना के अन्तर्गत मौसम में उतार चढ़ाव, कम वर्षा अधिक वर्षा, कम तापमान एवं अधिक तापमान के कारण फसल में संभावित हानि के कारण कृषकों को फसल के नुकसान की भरपाई के लिए फसल बीमा योजना लागू की गयी है। क्षति के संबंध में कृषक को 72 घंटे के अन्दर सूचना देना अनिवार्य है।
बैठक में मुख्य कृषि अधिकारी सुघर सिंह वर्मा ने बताया कि संचलित फसलों में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अन्तर्गत न्याय पंचायत प्रभारियों एवं सी.एस.सी. सेंटरों व गैर सरकारी सगठन के माध्यम से किसानों के फसल का बीमा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जनपद के किसानों के फसल को ओलावृष्टि एवं मौसमी अन्य कारणों से क्षति का आंकलन कर मुआवजा भी प्रदान किया जा रहा है।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी न्याय पंचायत प्रभारियों, एन.जी.ओ. एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को कहा कि किसानों के फसल के बीमा किए जाने हेतु न्याय पंचायत प्रभारी ग्राम पंचायतों में व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए किसानों की फसल का बीमा करवायें जिससे निर्धारित तिथि तक लक्ष्य के सापेक्ष किसानों का बीमा सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि बीमा करने से कोई भी किसान वंचित न रह पाये इसी उद्देश्य से सभी को एक टीम भावना के साथ कार्य करना है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों से संपर्क स्थापित कर किसानों के फसल का बीमा करवाने के लिए सहयोग लें, साथ ही किसान सम्मान पेंशन योजना के संबंध में भी किसानों के पेंशन लगाये जाने हेतु किसानों को जानकारी देने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि यह कार्य महत्वपूर्ण कार्य है इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाय, लापरवाही बरतने वाले संबंधितों के विरूद्ध कडी कार्यवाही भी अमल में लायी जायेगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सरदार सिंह, जिला विकास अधिकारी रमेश कुमार, उप पशु चिकित्साधिकारी डॉ0 अशोक चैहान, लीड बैंक अधिकारी एस एस तोमर, जिला उद्यान अधिकारी योगेंद्र सिंह एवं न्याय पंचायत प्रभारी व आदि मौजूद थे।

