जिले के सभी किसानों की रबी फसलों बीमा कराना सुनिश्चित करें: हंसादत पांडे

Spread the love

चमोली।पुर्नगठित मौसम आधारित रबी फसल बीमा योजना के अन्तर्गत जिले के सभी किसानों की रबी फसलों बीमा कराना सुनिश्चित करें। यह निर्देश मुख्य विकास अधिकारी हंसादत्त पांडे ने गुरूवार को कृषि, उद्यान, सहकारिता, न्याय पंचायत प्रभारी एवं सीएससी संचालकों की बैठक लेते हुए सभी रेखीय विभागों के अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि मौसम परिवर्तन होने के कारण फसलों को खासा नुकसान होता है और फसलों का बीमा न होने के कारण किसानों को इसका भारी खामियाजा उठाना पडता है।

मुख्य विकास अधिकारी ने कृषि ऋण लेने वाले किसानों के अलावा जिले के ज्यादा से ज्यादा किसानों को जागरूक कर संसूचित रबी फसलों का बीमा कराने के निर्देश सभी रेखीय विभागों को दिए। उन्होंने उद्यान केन्द्र, एनआरएलएम, सभी काॅमन सर्विस सेंटर, सहकारिता और बैंकों को लक्ष्य निर्धारित करते हुए किसानों का फसल बीमा कराने को कहा तथा इसमें स्वयं सहायता समूहों को भी जोड़ने की बात कही, ताकि एसएचजी को भी इसका फायदा मिल सके। मुख्य विकास अधिकारी ने रेखीय विभागों को निर्धारित समय के भीतर फसल बीमा की कार्यवाही सुर्नििश्चत करने को कहा, ताकि ज्यादा से ज्यादा किसानों को इससे लाभान्वित किया जा सके। उन्होंने जिले में रबी फसलों के अलावा फल उत्पादन वालें क्षेत्रों में सघन अभियान चलाकर 31 दिसंबर तक शत प्रतिशत किसानों की फसलों को बीमा से आच्छादित करने की बात कही।
मुख्य उद्यान अधिकारी ने बताया कि कम या अधिक वर्षा, ओलावृष्टि, तापमान में परिवर्तन के कारण फसलों तथा फलों को नुकसान की भरपाई के लिए पुर्नगठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के तहत किसानों का बीमा किया जाना है। बताया कि जिले में सेब, आडू, माल्टा, संतरा, मौसम्बी, आम, लीची, मटर की फसलों का बीमा करने के लिए संसूचित किया गया है। बीमा कराने के संबध में जानाकरी देते हुए उन्होंने बताया कि ऐसे समस्त कृषक जिनके द्वारा संसूचित क्षेत्र में संसूचित फसलें उगाई जा रही है तथा उनकी वित्तीय संस्थानों से 31 दिसंबर तक ऋण की सीमा स्वीकृत की गई है एवं ऋण लिया गया है, उनका अनिवार्य रूप से बीमा किया जाना है तथा जिन किसानों ने ऋण नही लिया है वे किसी भी बैंक, कामन सर्विस सेंटर, क्राप इंश्योरेंस एप, फसल बीमा पोर्टल या एआईसी के प्रतिनिधि से आवश्यक दस्तावेज व प्रीमियम राशि देकर संसूचित फसलों का बीमा करवा सकते है। उन्होंने बताया कि पिछली बार 345 किसानों को फसल बीमा से लाभान्वित किया गया था। इन किसानों द्वारा 27.87 लाख का कृषक देय प्रीमियम जमा किया गया, जिसके सापेक्ष इन किसानों को एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कम्पनी द्वारा 1.43 करोड़ रुपये के क्षतिपूर्ति दावों का भुगतान किया गया।
इस अवसर पर मुख्य कृषि अधिकारी राम कुमार दोहरे, सीएचओ तेजपाल सिंह, एपीडी सुमन राणा, ईडिस्ट्रिक्ट मैनेजर विकास बिष्ट, ग्रामीण वित्त समन्वयक संजय पुरोहित, एआईसी दल्ली लाल आदि उपस्थित थे।

देवभूमि खबर

Related articles