राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण परीक्षा के लिए जनपद में 151 केंद्र बनाये हैं
चम्पावत ।देवभूमि खबर। जनपद के साथ ही पूरे भारत में राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण परीक्षा आगामी 13 नवम्बर को प्रातः 10 बजे से होगी, जिसके लिए जनपद में 151 केन्द्र निर्धारित किये गये हैं। जिला कार्यालय सभागार में राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण परीक्षा की तैयारियों की बैठक में उक्त जानकारी देते हुए अपर जिलाधिकारी हेमन्त कुमार वर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण परीक्षा कक्षा 3, 5 व 8 में अध्ययनरत विद्यार्थियों की होगी जिसके लिए 151 विद्यालयों का चयन एनसीईआरटी द्वारा किया गया है। उन्होंने बताया कि जनपद में होने वाली परीक्षा में कुल 1684 विद्यार्थी प्रतिभाग करेंगे जिसमें से कक्षा 3 के 299, कक्षा 5 के 360 तथा कक्षा 8 के 1025 विद्यार्थी सम्मिलित हैं। उन्होंने परीक्षा की तैयारी बैठक में शिक्षा, पुलिस एवं अन्य विभाग के सभी अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शिता से सम्पन्न कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी सम्पन्न कराने हेतु परीक्षा अनुश्रवण समिति का भी समय रहते गठन करें। परीक्षा को सम्पन्न कराने हेतु जिलाधिकारी डा.अहमद इकबाल ने अपर जिलाधिकारी को परीक्षा का नोडल अधिकारी तथा शांतिपूर्ण व्यवस्था हेतु पुलिस क्षेत्राधिकारी पीएस कफलिया को पुलिस नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने निर्देश दिये कि परीक्षा के पहले दिन 12 नवम्बर को विद्यालय के प्रधानाधार्य एवं क्षेत्र के अनुवेक्षक ही विद्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थिति रहेंगें। उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिये कि परीक्षा के प्रवेश पत्रों को सुरक्षित रखने हेतु पुलिस से समन्वय स्थापित कर परीक्षा केन्द्रों में पहुॅचाने के साथ ही परीक्षा पत्र परीक्षा प्रारम्भ होने पर नियुक्त प्रेक्षक, प्रधानाचार्य एवं फील्ड इन्वेस्टीगेटर के समक्ष ही खोले जायेंगे। अपर जिलाधिकारी ने सुरक्षा हेतु पुलिस क्षेत्राधिकारी को शिक्षा विभाग की मांग के अनुसार पुलिस कार्मिकों को उपलब्ध कराने तथा युवा कल्याण अधिकारी एवं कमाण्डेंट होमगार्ड्स को जवानों का ब्यौरा उपलब्ध कराने के निर्देश बैठक में दिये, जिससे उपलब्धता के अनुसार सुरक्षा हेतु उन्हें परीक्षा केन्द्र आवंटित किये जा सकें। मुख्य शिक्षा अधिकारी ने बताया कि कक्षा 03 हेतु परीक्षा प्रश्न पत्रों की सीरीज 3132, कक्षा 05 हेतु 5152 एवं कक्षा 08 हेतु सीरीज 8182 उपलब्ध करायी जायेगी। कक्षा 03 व कक्षा 5 की ओएमआर सीट भरने में विद्यालय अनुवेक्षक द्वारा सहयोग किया जायेगा जबकि कक्षा 08 के विद्यार्थियों द्वारा ओएमआर सीट स्वयं भरी जायेगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक विकासखण्ड हेतु 02 पर्यवेक्षक की नियुक्ति मुख्य सचिव उत्तराखण्ड द्वारा की गई है। विकासखण्ड चम्पावत में उपजिलाधिकारी सदर एवं खण्ड विकास अधिकारी चम्पावत, लोहाघाट में उपजिलाधिकारी व खण्ड विकास अधिकारी लोहाघाट, विकासखण्ड पाटी हेतु उपजिलाधिकारी एवं खण्ड विकास अधिकारी पाटी तथा विकासखण्ड बाराकोट हेतु तहसीलदार बाराकोट एवं खण्ड विकास अधिकारी बाराकोट को नामित किया गया है। अपर जिलाधिकारी ने प्रश्नपत्रों की सुरक्षा हेतु निकटवर्ती विद्यालयों का चयन कर रुट चार्ट उन्हें एवं पुलिस उपाधीक्षक को उपलब्ध कराने के निर्देश बैठक में दिये। मुख्य शिक्षा अधिकारी आरसी पुरोहित ने बताया कि परीक्षा संचालन हेतु 257 फील्ड इन्वेस्टीगेटर नियुक्त करने के साथ 40 इन्वेस्टीगेटर प्रतीक्षा में रखे गये हैं जिनको डायट लोहाघाट में प्रथम प्रशिक्षण दिया जा चुका है और द्वितीय प्रशिक्षण आज दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि परीक्षा प्रश्नपत्र बहुविकल्प पर आधारित होगा जिसमें ओएमआर सीट का प्रयोग किया जायेगा। परीक्षा सम्पन्न होने पर ओएमआर सीट व प्रश्नपत्रों को सील कर संकलित करने के पश्चात ओएमआर सीट की स्कैनिंग कर राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण की वेबसाइट पर डायट लोहाघाट से अपलोड किया जायेगा। उन्होंने बताया कि नैस परीक्षा के सफल संचालन हेतु जनपद स्तर पर कन्ट्रोल रुम की स्थापना की जा चुकी है, जिसका दूरभाष नम्बर 05965230531 है। चम्पावत व पाटी के दूरस्थ क्षेत्र के विद्यालयों हेतु 10 एवं अन्य विद्यालयों हेतु 11 नवम्बर को सामग्री का वितरण किया जायेगा। बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी आरसी पुरोहित, पुलिस क्षेत्राधिकारी पीएस कफलिया, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक डीएस राजपूत, बेसिक सत्यनारायण, आपदा प्रबंधन अधिकारी मनोज पाण्डेय, खंड शिक्षा अधिकारी पाटी, बाराकोट, लोहाघाट व चम्पावत सहित सीआरसी, बीआरसी समन्वय उपस्थित थे।
