कारोबारियों में छापे से हड़कंप की स्थिति

Spread the love
देहरादून ।देवभूमि खबर।सूबे के विकासनगर में आयकर विभाग ने अचानक आढ़ती, होटल व्यवसायी और ट्रांसपोर्टर प्रदीप महावर के ठिकानों पर छापेमारी की। छापे में अधिकारियों ने कई कागजात जब्त किए हैं। आयकर चोरी की गणना की जा रही है। विभाग के अनुसार, शुरुआती जांच में आयकर चोरी के कई मामले सामने आए हैं। साथ ही अघोषित संपत्ति के कागजात भी मिले हैं, जिनकी गहनता से जांच की जा रही है। मंडी के आसपास के कारोबारियों में छापे से हड़कंप की स्थिति है। विभाग के द्वारा कागजातों की जांच के बाद कई अहम दस्तावेज जब्त किए गए है। विभाग की एक टीम ने महावर के आय का लेखा-जोखा बैंक जाकर भी लिया है। प्रतिष्ठान के बाहर खड़े ट्रकों को चेक किया गया। आढ़ती के घर के और होटलों में दस्तावेज खंगाले गए। उनकी आय और व्यय का पूरा ब्यौरा खंगाला जा रहा है। दस्तावेजों की जांच जारी है। इसके बाद ही आयकर चोरी का पूरा ब्यौरा पता चलेगा। सर्वे के दौरान प्रतिष्ठानों के बाहर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे। बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे आयकर आयुक्त सुनीति श्रीवास्तव के निर्देशन में आयकर विभाग की टीम विकासनगर में ट्रांसपोर्टर के मंडी स्थित प्रतिष्ठान पहुंची।उस वक्त मंडी खुल चुकी थी। प्रदीप महावर, फूड कारपोरेशन ऑफ इंडिया के लिए ट्रांसपोर्टर का काम करते हैं और व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष भी हैं। अनाज के आढ़ती होने के साथ-साथ उनके कई होटल भी हैं। एडिशनल कमिश्नर नीता अग्रवाल की अगुवाई में आयकर अधिकारी एए खान, शमीम अहमद, विक्रम सिंह और रवि भारती की टीम ने उनके ठिकानों की सघन तलाशी ली है।
छापे के दौरान प्रतिष्ठानों पर लगी पुलिस।

देवभूमि खबर

Related articles