HTML tutorial
HTML tutorial

भगवानपुर में पुलिस मुठभेड़, गौकशी का वांछित आरोपी गोली लगने से घायल, गिरफ्तार

भगवानपुर में पुलिस मुठभेड़, गौकशी का वांछित आरोपी गोली लगने से घायल, गिरफ्तार
Spread the love

पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली, मौके से तमंचा, कारतूस, बछड़ा और गौकशी के उपकरण बरामद

हरिद्वार। जनपद में गौकशी और गोतस्करी के खिलाफ हरिद्वार पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गौकशी के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल रुड़की भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को कोतवाली भगवानपुर पुलिस को सूचना मिली कि गौकशी के मामले में वांछित छोटू पुत्र संसार उर्फ शमशाद निवासी ग्राम हलजोरा, आईटीआई तिराहे से मसाई जाने वाली सड़क के सामने स्थित आम के बाग में गौकशी की तैयारी कर रहा है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक रितेश साह के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आम के बाग में कांबिंग शुरू की।

इस दौरान पुलिस टीम को एक व्यक्ति पेड़ से बछड़े को बांधकर खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखकर आरोपी ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन आरोपी ने दोबारा फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। कुछ देर बाद आरोपी ने आत्मसमर्पण कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने मौके से .315 बोर का एक देशी तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जीवित गोवंश (बछड़ा) बरामद किया। इसके अलावा गौकशी में प्रयुक्त एक लोहे की कुल्हाड़ी, दो छुरी, लकड़ी का गुटका, मांस की पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली काले एवं हरे रंग की प्लास्टिक पन्नियां तथा दो सफेद प्लास्टिक के कट्टे भी बरामद किए गए।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के विरुद्ध पुलिस टीम पर फायरिंग के मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), आयुध अधिनियम की धारा 3/25 तथा उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए सरकारी अस्पताल रुड़की भेजा गया। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट की टीम ने भी साक्ष्य संकलन किया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान छोटू पुत्र संसार उर्फ शमशाद, निवासी ग्राम हलजोरा, थाना भगवानपुर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पूर्व में थाना बुग्गावाला में मुकदमा संख्या 40/2025 तथा कोतवाली भगवानपुर में मुकदमा संख्या 419/2026 दर्ज है।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक रितेश साह, उपनिरीक्षक सुनील पन्त, आशीष नेगी, अपर उपनिरीक्षक प्रदीप चौहान, हेड कांस्टेबल ललित यादव, विनोद, सुधीर तथा कांस्टेबल उबैद उल्ला, अमित और अजय जोशी शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles