राज्य मंत्री असवाल ने किया श्रीनगर बेस अस्पताल का निरीक्षण
श्रीनगर गढ़वाल।देवभूमि खबर। सिंचाई सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष व राज्य मंत्री अतर सिंह असवाल ने श्रीनगर विधायक एवम उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के निर्देशों पर कोविड-19 बेस अस्पताल एवम सयुंक्त अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बेस अस्पताल की व्यवस्थाओं के बारे में अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. केपी सिंह से जानकारी ली। डा केपी सिंह ने बताया कि अस्पताल में क्वारंटाइन किये गए 10 लोगों को छुट्टी दे दी गई है जबकि अभी दो भर्ती हैं। उन्होंने अस्पताल में मौजूद वेंटिलेटर, कोरोना किट व दवाइयों के बारे में भी जानकारी दी। दूसरी ओर सयुंक्त अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. एसएस चैहान ने भी उन्हें जानकारी उपलब्ध करवाई। राज्य मंत्री असवाल ने उन्हें मरीजों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उचित उपचार की व्यवस्था बनाने के निर्देश दिये। इस मौके पर भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी गणेश भट्ट भी मौजूद रहे।

