भाजपा ने विकास नहीं राज्य में केवल मुख्यमंत्री बनाने की फैक्ट्रीयां खोली है : त्रिवेंद्र सिंह पंवार
देहरादून।उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष व दल के संरक्षक उक्रांद के वरिष्ठ नेता श्री त्रिवेंद्र सिंह पंवार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस ने उत्तराखंड के विकास को दरकिनार करके राज्य में केवल मुख्यमंत्री बनाने की फैक्ट्रीयां ही खोली है।
उन्होंने कहा कि जहां पड़ोसी राज्य हिमाचल में राज्य गठन के 69 सालों में मात्र 6 नेताओं को 14 बार मुख्यमंत्री बनाया गया है,वहीं उत्तराखंड में राष्ट्रीय दलों के नेताओं के नकारेपन के कारण 21 वर्षों में 10 मुख्यमंत्री बनाए गए हैं। जिस कारण जहां एक और प्रदेश का विकास अवरूद्ध हुआ है वहीं दूसरी ओर नए मुख्यमंत्रियों की ताजपोशी और पूर्व मुख्यमंत्रियों को मिलने वाली सुविधाओं के कारण राज्य पर आर्थिक बोझ भी पड़ा है।उन्होंने कहा था कि उत्तराखंड राज्य का गठन जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की अवधारणा की वजह से हुआ था। लेकिन राष्ट्रीय पार्टियों की गलतियों की वजह से जनता के बजाय नेताओं को सुविधाएं दी जा रही है। उन्होंने राज्य की जनता से आह्वान किया कि दिल्ली से तय होने वाले मुख्यमंत्रियों की पार्टियों से 2022 में सावधान रहें। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के इस्तीफे का कारण बताते हुए कहा कि 1 मार्च को गैरसैंण में मात्र शक्तियों के ऊपर लाठीचार्ज करवाना और चार धाम के हक हकूक धारियों की मांगों की अवहेलना करने का नतीजा त्रिवेंद्र सरकार को भुगतना पड़ा है। लगे हाथ उन्होंने भाजपा को सलाह देते हुए कहा कि शरीर बदलने से कुछ नहीं होगा आत्मा शुद्ध होनी चाहिए।
श्री त्रिवेंद्र पवार ने कहा कि कुछ समय पहले ही त्रिवेंद्र सिंह रावत को देश के सर्वश्रेष्ठ सीएम के खिताब से नवाजने वाली भाजपा द्वारा अचानक सत्ता हस्तांतरण किए जाने से भाजपा का दोहरा चरित्र जनता के सामने बेनकाब हो गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा को इस बात का जवाब जनता को देना चाहिए की त्रिवेंद्र सिंह रावत के 4 साल बेमिसाल का नारा देने और उन्हें देश का सर्वश्रेष्ठ मुख्यमंत्री बताने के बावजूद आखिर ऐसा कौन सा कारण रहा जो भारतीय जनता पार्टी को उत्तराखंड में सत्ता परिवर्तन करना पड़ा। उत्तराखंड क्रांति दल मई के दूसरे सप्ताह से केदारनाथ बद्रीनाथ गंगोत्री यमुनोत्री जागेश्वर बागेश्वर नंदा देवी पिरान कलियर नानकमत्ता से जन जागरण यात्राएं और राष्ट्रीय पार्टियों की गलत नीतियों प्रदेश को हुए नुकसान के संबंध में व्यापक चर्चा कर जनता का समर्थन हासिल करेगा ।
प्रेस वार्ता में लताफत हुसैन, जय प्रकाश उपाध्याय शकुंतला रावत आदि उपस्थित थे।

