प्रभारी मंत्री ने सीएचसी ब्रह्मखाल, बड़कोट,नौगाँव व पुरोला में व्यवस्थाओं का किया स्थलीय निरीक्षण
पुरोला।कोविड-19 व्यवस्थाओं के जनपद प्रभारी एवं गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग,भाषा तथा पुनर्गठन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री स्वामी यतीश्वरानंद ने आज दूसरे दिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ब्रह्मखाल, बड़कोट,नौगाँव व पुरोला में कोविड-19 से निपटने के लिए की गई व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मण भंडारी ने विधायक श्री केदार सिंह रावत के माध्यम से अतरिक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ब्रह्मखाल के उच्चीकरण को लेकर मंत्री को पत्र सौंपा। जिस पर मंत्री द्वारा सीएमओ को तत्काल प्रस्ताव शासन में भेजने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने सीएमओ को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद उत्तरकाशी के जिला अस्पताल के अतिरिक्त सभी सीएचसी में 50-50 ऑक्सीजन बैड व पीएचसी में 10-10 ऑक्सीजन बैड तैयार कर लिए जाय। ताकि सुदरवर्ती गांव स्तर के लोगों को जिला अस्पताल ना आने पड़ें। जनपद में ऑक्सीजन सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहे इस हेतु जिलाधिकारी व स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया है। उन्होंने गाइडलाइन का सख्ती से अनुपालन कराने के निर्देश एसडीएम को दिए। बड़कोट में आईसीयू बैड/ वेंटिलेटर को संचालित करने हेतु आउटसोर्स के माध्यम से टेक्नीशियन व अस्पताल में सफाई कर्मियों की तैनाती करने के निर्देश सीएमओ को दिये।
मंत्री ने कहा कि सीएचसी पीएचसी में यदि ऑक्सीजन बैड बढ़ाने की क्षमता नही है तो सरकारी स्कूल,कालेज/होटल को अधिकृत किया जाय। ताकि हम जनता को इस महामारी में सुविधा दे सकें। इस हेतु सरकार की ओर से धन की कतई भी कमी नही है। मानव जीवन बचाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाय। स्टॉफ नर्स,डॉक्टर्स जिन्होंने कोर्स किया है और बेरोजगार है उन्हें रोजगार से जोड़ने के निर्देश दिए।
इस दौरान मंत्री व विधायक द्वारा आराकोट,पुरोला,बड़कोट के लिए एम्बुलेंस की सौगात दी तथा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
निरीक्षण के दौरान यमुनोत्री विधायक केदार सिंह रावत,पुरोला विधायक राजकुमार, जिलाध्यक्ष भाजपा रमेश चौहान,जिला पंचायत संगठन प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप भट्ट,प्रदेश मीडिया प्रभारी भाजपा मनवीर चौहान, जिला महामंत्री सत्येन्द्र सिंह राणा,श्याम डोभाल,अपर जिलाधिकारी तीर्थपाल सिंह,सीएमओ डॉ डीपी जोशी, एसडीएम चतर सिंह चौहान, सोहन सैनी,सहित अन्य उपस्थित थे।

