उत्तरकाशी को मिला पहला आयुर्वेद उत्कृष्ट केंद्र, अब एक ही छत के नीचे मिलेंगी आधुनिक आयुर्वेदिक सुविधाएं
उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले को अपना पहला आयुर्वेद उत्कृष्ट केंद्र (Ayurveda Centre of Excellence) मिल गया है। ब्रह्मखाल यात्रा मार्ग पर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर, स्यालना को उत्कृष्ट केंद्र के रूप में उन्नत (अपग्रेड) किया गया है। केंद्र का उद्घाटन जिला पंचायत सदस्य सदन लाल बिजल्वाण ने किया।
जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. रतन मणि भट्ट ने बताया कि उत्कृष्ट केंद्र में वैद्य वितेश्वरी नौटियाल एवं डॉ. नीतू खत्री की देखरेख में आमजन को विभिन्न आयुर्वेदिक उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
केंद्र में पंचकर्म एवं शिरोधारा, कपिंग थेरेपी, जलौका (जोंक) चिकित्सा, अग्निकर्म, हेल्थ काउंसलिंग, स्त्री एवं प्रसूति रोग परामर्श तथा गैर-संचारी रोगों की जांच एवं परामर्श जैसी विशेष सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इन उपचारों के माध्यम से मानसिक तनाव, अनिद्रा, वात रोग, रक्त संचार संबंधी समस्याओं, त्वचा रोग, जोड़ों के दर्द तथा महिलाओं की स्वास्थ्य समस्याओं के उपचार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इसके अतिरिक्त उत्कृष्ट केंद्र में ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, यूरिन जांच, गर्भावस्था जांच, स्वास्थ्य परीक्षण, निःशुल्क औषधि वितरण तथा प्रतिदिन योगाभ्यास जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
डॉ. रतन मणि भट्ट ने कहा कि इस उत्कृष्ट केंद्र की स्थापना से उत्तरकाशी और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को गुणवत्तापूर्ण आयुर्वेदिक स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी तथा आयुष चिकित्सा को और अधिक बढ़ावा मिलेगा।

