पीसीएस में चयनित अधिकारियों का हुआ सम्मान, युवाओं को बताए सफलता के मंत्र

पीसीएस में चयनित अधिकारियों का हुआ सम्मान, युवाओं को बताए सफलता के मंत्र
Spread the love

उत्तरकाशी। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित पीसीएस परीक्षा में जनपद उत्तरकाशी से चयनित अधिकारियों के सम्मान में साहित्य प्रेस परिषद के तत्वावधान में एक गरिमामय सम्मान समारोह एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुईं और नवचयनित अधिकारियों को सम्मानित किया।

अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक ने सभी चयनित अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि सिविल सेवा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुशासन, विकास और जनकल्याण पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि नवचयनित अधिकारियों ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर सफलता हासिल कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे जनपद का गौरव बढ़ाया है। उनकी उपलब्धियां अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।

कार्यक्रम में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने परीक्षा की तैयारी, समय प्रबंधन, तनाव से निपटने के तरीके और सफलता की रणनीति से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका नवचयनित अधिकारियों ने अपने अनुभवों के आधार पर विस्तार से उत्तर दिया।

नवचयनित अधिकारियों ने अपने संघर्षपूर्ण सफर को साझा करते हुए युवाओं को संदेश दिया कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर प्रयास, अनुशासन, धैर्य और आत्मविश्वास ही लक्ष्य तक पहुंचने की वास्तविक कुंजी हैं। उन्होंने युवाओं से असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने इस प्रेरणादायी आयोजन के लिए साहित्य प्रेस परिषद की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को मार्गदर्शन देने वाले ऐसे कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित होने चाहिए, ताकि प्रतिभाओं को सही दिशा मिल सके।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रशान्त आर्य, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह सहित नवचयनित पीसीएस अधिकारी आशुतोष नौटियाल, प्रकृति नेगी, अंबरीश प्रसाद, आशुतोष राणा, गौरव मैठाणी, आयुष बधानी, देवाशीष जगूड़ी, राखी भंडारी, राजेश परमार, शुभम शाह और अपूर्वा थपलियाल मौजूद रहे। समारोह में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, अभिभावक और छात्र-छात्राएं भी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles