राहुल

Spread the love

उत्तराखंड को बेरोजगारी मुक्त बनाएंगे हम- राहुल गांधी

देहरादून समाचार
रैली के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि राहुल गांधी और बलिदान के बीच में एक अलग रिश्ता है। महावीर चक्र दीवान सिंह के बेटे, शहीद मेजर चित्रेश बिष्ट के पिता भी मंच पर हैं। इंदिरा गांधी की ललकार ने अमेरिका के बेड़े को बंगाल की खाड़ी छोड़ने पर मजबूर कर दिया था। केदारनाथ आपदा में राहुल गांधी अकेले राष्ट्रीय नेता थे जो हमारे आंसू पोंछने आए। जब मैं सीएम बना तो राहुलजी ने कहा था कि बस एक जिम्मेदारी सौंप रहा हूं कि केदारनाथ आपदा के जख्म भरने हैं और आज लोग हमारी बनाई हुई गुफाओं में योग करने आते हैं। देवस्थानम बोर्ड की लड़ाई हमने तीर्थ पुरोहितों के साथ लड़ी। आज सभी पुरोहित धन्यवाद देने आए हैं। 

राहुल सबसे पहले केदारनाथ आए। आपने भोले से क्या मांगा ये तो आप और भोले जाने, लेकिन उस आपदा में लड़खड़ाई हमारी अर्थव्यवस्था उठ खड़ी हुई। आप लोकतंत्र बचाने की लड़ाई के अग्रणी सैनिक हैं। हमारा वादा है आपसे, इस लड़ाई में पूरे उत्तराखंड का आशीर्वाद आपके साथ है। हम उत्तराखंड को बेरोजगारी मुक्त बनाएंगे। किसानों से कहना चाहता हूं कि कांग्रेस आएगी तो आपका बोझ घटाएगी। हम माता-बहनों की रसोई के दुखों को दूर करेंगे। पूर्व सैनिक भाइयों के परिवारों का कांग्रेस ख्याल रखेगी। अपनी बहनों से कहना चाहता हूं कि 2014 में हमने महिला सशक्तिकरण का नया दौर शुरू किया था, जिसे हमारे बाद आए लोगों ने बंद कर दिया। हम सत्ता में आएंगे तो इसे नए सिरे से शुरू करेंगे। आपकी सरकार गरीबों, कमजोरों का सहारा बनेगी। हम उत्तराखंड को मॉडल स्टेट बनाएंगे। मंडुआ झंगोरा खाएंगे, उत्तराखंड बनाएंगे की परंपरा से पलायन को रोकने का काम करेंगे। आप अकेले कांग्रेस की धरोहर नहीं है, आप लोकतंत्र की धरोहर हैं।
आज कठिन दौर से गुजर रहा है उत्तराखंड-
नेता विपक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि आज का दिवस विश्व के इतिहास में अपनी अलग पहचान रखने का काम करता है। स्व. इंदिरा गांधी के नेतृत्व में पाकिस्तान के दो टुकड़े करने का काम हुआ। आज हम सब इंदिरा जी के उस सशक्त नेतृत्व को याद कर रहे हैं, जिसके लिए पूरी दुनिया उन्हें लौह महिला के तौर पर जानती है। उत्तराखंड के सेना के जवानों ने देश की हिफाजत करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया, हम उनको नमन करते हैं। देश की आजादी की लड़ाई लड़ते हुए नेहरू जी ने देहरादून की जेल में ही डिस्कवरी ऑफ इंडिया लिखने की शुरुआत की। कहा कि राहुल गांधी और हमारा जो साथ है, उसे कोई अलग नहीं कर सकता। आज ये प्रदेश जिस कठिन दौर से गुजर रहा है। किसान हताश हैं, निराश हैं। सत्ता में बैठे लोगों ने किसानों का ऋण माफ करने का वादा किया, लेकिन माफ नहीं किया। रोजगार का वादा किया, लेकिन रोजगार नहीं दिया। महंगाई सबके लिए मुसीबत बन रही है। सरकार को भूमाफिया, शराब माफिया चला रहे हैं। हम आपसे वादा करते हैं कि 2022 में हमारी सरकार बनेगी तो हम बेरोजगारी को दूर करेंगे।
प्रमुखता से लगाया गया जनरल बिपिन रावत का कटआउट-
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पारंपरिक ढोल-नगाड़ों के साथ सम्मान रैली में परेड ग्राउंड पहुंचे। इस दौरान उनके समर्थक भी साथ रहे। राहुल की रैली में सीडीएस जनरल बिपिन रावत का कटआउट भी प्रमुखता से लगाया गया है। इसके साथ ही हेलीकॉप्टर हादसे में शहीद हुए सभी सैनिकों, अधिकारियों और जनरल रावत की पत्नी का श्रद्धांजलि देते हुए होर्डिंग भी लगाया गया है। पूर्व सैनिकों को मंच पर स्थान दिया गया है। वहीं दोपहर 12 बजे से लोगों की भीड़ रैली के लिए जुटने लगी। 

रैली में कपकोट विधानसभा से महिलाएं अपने पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचीं। परेड ग्राउंड में कलाकार पारंपरिक परिधान पहने पहुंचे हैं। वहीं इस रैली के लिए दोपहर 12 बजे से लोगों की भीड़ जुटने लगी। राहुल गांधी दोपहर एक बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का स्वागत सांसद प्रदीप टम्टा और अन्य पदाधिकारियों ने किया। यहां से वह हेलीकॉप्टर से रैली स्थल पहुंचे।

देवभूमि खबर

Related articles