छात्र/छात्राओं को शिक्षा के लिये प्रोत्साहित करने हेतु लगातार सम्मानित कर रहे हैं : पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू
कर्नाटक पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक द्वारा विधानसभा अल्मोडा के विभिन्न हाईस्कूल/इन्टर कालेजों के छात्र/ छात्राओं को लगातार पृथक-पृथक चरणों में उनके मनोबल को बढाने तथा उन्हें प्रोत्साहित करने के लिये सम्मानित किया जा रहा है । इसी क्रम में राजकीय इन्टर कालेज पेटशाल (अल्मोड़ा) के अनेकों छात्र /छात्राओं को सम्मानित किया गया । आयोजित कार्यक्रम में श्री कर्नाटक ने सभी शिक्षक/कर्मचारियों , छात्र/छात्राओं तथा अभिभावकों का स्वागत, अभिनन्दन किया गया। कार्यक्रम प्रारम्भ करते हुये उनके द्वारा वर्ष 2022 की बोर्ड परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण छात्रों को मेडल व प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर श्री कर्नाटक ने अपने सम्बोधन में कहा कि बोर्ड परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण विद्यार्थियों के पठन-पाठन उनके मार्गदर्शन में गुरूजनों का बहुत बडा त्याग व मेहनत है । उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को शिक्षित ही नहीं करते अपितु छात्र/छात्राओं के मन में ईमानदारी, अनुशासन,
राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करने के साथ ही उनके अधिकार कर्तव्य एवं दायित्वों से सम्बन्धित चेतना जगाने का भी कार्य करते हैं । श्री कर्नाटक ने यह भी कहा कि गुरूजन शिक्षण के साथ-साथ विद्यार्थियों के चरित्र का निर्माण करने के साथ ही उनमें अच्छे नैतिक मूल्यों और आदर्शो का विकास भी करते और उन्हें अच्छी शिक्षा प्रदान करने के साथ विद्यार्थियों को आदर्श छात्र भी बनाते हैं ।
उन्होंने विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुये कहा कि बोर्ड परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त कर उन्होंने गुरूओं तथा अपने माता पिता के गौरव को बढाया है , जो अत्यन्त प्रशंसा के योग्य है जिसके लिये वे बधाई के पात्र हैं । उन्होंने कहा कि यह सफलता उन्हें उनके कठोर परिश्रम से मिली है । जिससे स्पष्ट है कि मेहनत,लगन और उचित मार्गदर्शन से सफलता अवश्य मिलती है । विद्यार्थियों में लक्ष्य प्राप्ति के लिये स्वयं पर विश्वास होना भी जरूरी है । अतः विद्यार्थियों को अपने माता-माता की तरह गुरूजनों का सम्मान करना चाहिये तथा अर्जित ज्ञान द्वारा देश हित में अपना योगदान देना चाहिये । विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ व्यायाम, खेलकूद, मनोरंजन के द्वारा अपने शरीर को तंदुरूस्त एवं स्वस्थ बनाना चाहिये । साथ ही उन्होने समाज में तेजी से फैल रहे नशे रूपी दानव से दूर रहने का भी आह्वान किया । श्री कर्नाटक ने कहा कि पढाई के प्रति छात्र/छात्राओं का मनोबल बढाने उन्हें प्रोत्साहित करने तथा आगामी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में और अधिक श्रेष्ठ मुकान हासिल करने के उद्देश्य से यह सम्मान कार्यक्रम लगातार आयोजित होते रहेंगे ।
कालेज के प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार पंत ने अपने संबोधन में श्री कर्नाटक का स्वागत करते हुए कहा कि इस सम्मान समारोह से सभी शिक्षक/कर्मचारी तथा छात्र अति उत्साहित हैं और यह सम्मान उन्हें शिक्षा के प्रति और अधिक प्रेरणा एवं प्रोत्साहन देगा जिसके लिये हम श्री कर्नाटक जी की सराहनीय पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुये उनका आभार व्यक्त करते हैं । प्रवक्ता जनार्दन तिवारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सम्मान के रूप में प्राप्त ट्राफी /मेडल आपको आगामी परीक्षाओं में और अधिक श्रेष्ठ अंक प्राप्त करने हेतु प्रोत्साहित करेगा । उन्होने श्री कर्नाटक के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुये कहा कि वे सामाजिक कार्यो में बढ़़-चढ़ कर भागीदारी करने के साथ ही निःस्वार्थ भाव से जन सेवा में लगे हुये हैं ,जो समाज को एक नई दिशा देगा साथ ही नशे के विरूद्व उनके द्वारा लायी जा रही जागरूकता निरन्तर युवाओं को अच्छे मार्ग पर ले जाने के लिये अग्रणी भूमिका निभायेगा ।
इस अवसर पर गिरीश बिष्ट (बन्टी), रोहित शैली, प्रकाश मेहता,बन्दना जोशी सहित सभी शिक्षक /कर्मचारी उपस्थित थे। सभा का संचालन रश्मि काण्डपाल द्वारा किया गया।

