फर्जी आईएएस बनकर ठगी करने वाला शातिर अपराधी प्रयागराज से गिरफ्तार
टिहरी।ऑपरेशन कालनेमी के तहत टिहरी गढ़वाल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कैंपटी थाना पुलिस ने फर्जी आईएएस अधिकारी बनकर लोगों से ठगी करने वाले शातिर अभियुक्त को प्रयागराज से गिरफ्तार किया है।
पकड़ा गया अभियुक्त शशि चन्द उर्फ शशि चन्द प्रजापति पुत्र स्वामी नाथ निवासी सराय शेरखा, थाना रानीगंज, जिला प्रतापगढ़ (उ.प्र.) है, जो वर्तमान में प्रयागराज जिले के हरवारा क्षेत्र में किराए पर रह रहा था और उसकी उम्र 31 वर्ष है। पुलिस के अनुसार आरोपी खुद को 2019 बैच का आईएएस अधिकारी बताकर कभी जॉइंट मजिस्ट्रेट चंपावत तो कभी अन्य जिलों में तैनात दिखाता और इसी बहाने लोगों को विश्वास में लेकर उनसे धन ऐंठता था। इस मामले में उसने वादी अभिषेक गोस्वामी पुत्र राजकुमार निवासी ग्रेटर नोएडा वेस्ट, उत्तर प्रदेश को झांसा देकर डेढ़ लाख रुपये नकद और एक सैमसंग गैलेक्सी मोबाइल फोन ठग लिया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल आयुष अग्रवाल के आदेश, अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी चंबा के पर्यवेक्षण में चल रही कार्रवाई के दौरान उपनिरीक्षक शिवराम की विवेचना पर 22 अगस्त 2025 को पुलिस टीम ने प्रयागराज जिले के थाना धूमगंज क्षेत्र में दबिश देकर रात करीब 11 बजे अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया, जिसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस की जांच में सामने आया कि अभियुक्त शातिर व पेशेवर अपराधी है और प्रयागराज जिले में उसके खिलाफ फर्जीवाड़ा, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शिवराम, हे.का. नापु. विपुल कुमार और का. नापु. जसवीर सिंह शामिल थे।

