एसओजी व काठगोदाम पुलिस की संयुक्त टीम ने लाखों की चरस तस्करी कर रहे दो तस्करों को किया गिरफ्तार
नैनीताल। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन-2025” को साकार करने की दिशा में उत्तराखंड पुलिस लगातार नशे के कारोबारियों पर शिकंजा कस रही है। इसी क्रम में नैनीताल पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है, जब एसओजी व काठगोदाम थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो अंतरजनपदीय चरस तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपये मूल्य की चरस बरामद की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के दिशा-निर्देशन में जनपद में नशे के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए सभी थाना और चौकी प्रभारियों के साथ-साथ एसओजी को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी श्री मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी श्री नितिन लोहनी के पर्यवेक्षण में, थानाध्यक्ष काठगोदाम श्री विमल कुमार मिश्रा एवं प्रभारी एसओजी श्री राजेश जोशी के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम गठित की गई।
संयुक्त टीम ने शनिवार को कालटैक्स नहर कवरिंग रोड स्थित राजू सर्विस सेंटर के पास संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान दो युवकों को पकड़ा। पूछताछ और तलाशी में अभियुक्त सोनू साहू पुत्र रमेश चन्द्र साहू निवासी साहू धर्मशाला, इन्द्रानगर, बनभूलपुरा के कब्जे से 607 ग्राम चरस तथा कैलाश चन्द्र पुत्र राजू राम निवासी पिनरा छोटा कैलाश, भीमताल के कब्जे से 526 ग्राम चरस बरामद की गई। कुल 1133 ग्राम अवैध चरस जब्त करते हुए दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
इस संबंध में थाना काठगोदाम में मु.अ.सं. 145/25, धारा 8/20 एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना काठगोदाम के उपनिरीक्षक रबिन्द्र राणा, कानि. योगेश कुमार, कानि. भूपेन्द्र सिंह ज्येष्ठा (एसओजी) तथा कानि. सन्तोष बिष्ट (एसओजी) की भूमिका सराहनीय रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने नशे के विरुद्ध अभियान में उत्कृष्ट कार्य हेतु पुलिस टीम को ₹1500 नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
