“किंग ऑफ उत्तराखण्ड” गैंग का 25 हजार का इनामी सदस्य गिरफ्तार, नेपाल भागने की फिराक में था

ऋषिकेश। वांछित एवं इनामी अभियुक्तों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने “किंग ऑफ उत्तराखण्ड” गैंग से जुड़े 25 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त रवि कुमार गुप्ता को उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले के सोनौली से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए नेपाल भागने की फिराक में था।
ऋषिकेश कोतवाली में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित रवि कुमार गुप्ता लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर एसएसपी देहरादून द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस टीमों ने लगातार उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया था।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि रवि गुप्ता अपने साथियों की मदद से सोनौली के रास्ते नेपाल भागने की तैयारी में है। सूचना पर पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय कर सोनौली, महाराजगंज में दबिश दी और 28 अगस्त 2026 को वाहन संख्या UK-14-N-5344 महिंद्रा स्कॉर्पियो से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से नेपाल कस्टम द्वारा जारी वाहन आवाजाही संबंधी अभिलेख, नेपाल में वाहन ठहरने की अवधि बढ़ाने संबंधी दस्तावेज तथा वाहन अनुमति-पत्र बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार “किंग ऑफ उत्तराखण्ड” गैंग का लीडर जगजीत उर्फ जग्गा तथा उसके तीन अन्य साथियों को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। गैंग पर भूमि एवं पारिवारिक विवादों में हस्तक्षेप कर लोगों को डराने-धमकाने, मारपीट, अवैध वसूली, ब्लैकमेलिंग तथा फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर भय का माहौल बनाने जैसी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होने का आरोप है।
गिरफ्तार अभियुक्त रवि कुमार गुप्ता (38 वर्ष) निवासी शिवाजी नगर/आदर्श ग्राम, ऋषिकेश के विरुद्ध विभिन्न आपराधिक मामलों में चार अभियोग पंजीकृत हैं।
पुलिस टीम में निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट, निरीक्षक राकेश गुसाईं, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी, उपनिरीक्षक सुमित चौधरी, हेड कांस्टेबल अमित राणा, हेड कांस्टेबल संदीप राठी और कांस्टेबल बृजेश कुमार शामिल रहे।
