मिशन 2027 की तैयारी में जुटी AAP, उत्तराखंड में 11 अगस्त से शुरू होगा व्यापक सदस्यता अभियान
देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए आम आदमी पार्टी उत्तराखंड ने प्रदेशभर में 11 अगस्त 2026 से व्यापक सदस्यता अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। पार्टी का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक जिले, विधानसभा, ब्लॉक, न्याय पंचायत एवं बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना और युवाओं, महिलाओं, किसानों, मजदूरों, कर्मचारियों, व्यापारियों सहित समाज के सभी वर्गों को संगठन से जोड़ना है।
पार्टी के अनुसार उत्तराखंड की जनता बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, पलायन, शिक्षा, स्वास्थ्य, महंगाई और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का सामना कर रही है। इन्हीं मुद्दों को लेकर आम आदमी पार्टी खुद को जनहितैषी राजनीतिक विकल्प के रूप में मजबूत करने के लिए सदस्यता अभियान चला रही है।
प्रदेश अध्यक्षा उमा गौड़ सिसोदिया ने कहा कि मिशन 2027 केवल चुनाव जीतने का अभियान नहीं, बल्कि उत्तराखंड में ईमानदार, पारदर्शी और जवाबदेह राजनीति स्थापित करने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रत्येक गांव, वार्ड और बूथ तक संगठन को सक्रिय करेगी तथा स्थानीय समस्याओं को जनआंदोलन के माध्यम से उठाया जाएगा।
अभियान के दौरान पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, विधानसभा प्रभारी एवं कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे। विभिन्न स्थानों पर सदस्यता शिविर, जनसंवाद कार्यक्रम और पदयात्राएं आयोजित करने के साथ युवाओं एवं सामाजिक संगठनों से भी संवाद किया जाएगा।
उमा गौड़ सिसोदिया ने कहा कि उत्तराखंड को ऐसी राजनीति की आवश्यकता है जो सत्ता को सेवा का माध्यम बनाए। पार्टी शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सुरक्षा, किसानों के सम्मान, युवाओं के भविष्य और भ्रष्टाचार मुक्त शासन जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने प्रदेशवासियों से सदस्यता अभियान से जुड़कर सकारात्मक राजनीतिक परिवर्तन में सहभागी बनने की अपील की।
पार्टी ने सभी जिला एवं विधानसभा पदाधिकारियों को अभियान मिशन मोड में संचालित करने के निर्देश दिए हैं। प्रत्येक जिले में अभियान की नियमित समीक्षा की जाएगी और संगठन के विस्तार के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जाएगी। पार्टी का दावा है कि जनता के सहयोग, कार्यकर्ताओं की मेहनत और मजबूत संगठनात्मक ढांचे के बल पर मिशन 2027 को सफल बनाकर उत्तराखंड में स्वच्छ एवं जनहितैषी राजनीति की मजबूत नींव रखी जाएगी।

