हर घर जल योजना ठप, ग्रामीणों को मीलों दूर से ढोना पड़ रहा पानी; भाजपा नेता हेम आर्य ने अधिकारियों को लगाई फटकार

रिपोर्ट: ललित जोशी
नैनीताल। कूल पंचायत के चोपड़ा, सिरसा, नैनीपुल सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन और हर घर जल योजना के अधूरे पड़े कार्यों को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों की समस्याएं सुनने पहुंचे वरिष्ठ भाजपा नेता हेम आर्य ने योजना की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए जल संस्थान के अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर जल्द कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
कूल पंचायत घर में आयोजित बैठक के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि मुख्यमंत्री धामी सरकार की हर घर जल-हर घर नल योजना का लाभ उन्हें अब तक नहीं मिल पाया है। जल जीवन मिशन के तहत पंपिंग योजना का कार्य अधूरा पड़ा है, जिसके कारण ग्रामीण आज भी कई किलोमीटर दूर से सिर पर पानी ढोकर लाने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों के अनुसार योजना के तहत एक-एक लाख लीटर क्षमता वाले दो टैंक और 30 हजार लीटर क्षमता का एक टैंक बनाया गया है, लेकिन निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि नए बनाए गए टैंकों में अभी से दरारें आ गई हैं। वहीं पानी की सप्लाई के लिए आवश्यक मशीन अभी तक स्थापित नहीं की गई है, जिसके चलते योजना का उद्देश्य पूरा नहीं हो पा रहा है।
समस्या की जानकारी मिलने पर हेम आर्य ने जल संस्थान के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से फोन पर बातचीत कर नाराजगी जाहिर की और ग्रामीणों की समस्या का तत्काल समाधान करने को कहा। अधिकारियों ने कार्य में देरी का प्रमुख कारण बजट की कमी बताया। इस पर हेम आर्य ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि वह मुख्यमंत्री से वार्ता कर जल्द बजट उपलब्ध कराने और योजना को पूरा कराने का प्रयास करेंगे।
हेम आर्य ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा का समय पर उपलब्ध होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनहित के लिए प्रतिबद्ध है और अधूरे कार्यों को जल्द पूरा कराकर ग्रामीणों को राहत दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द टैंकों की मरम्मत कर पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं की गई तो आने वाले समय में पानी का गंभीर संकट उत्पन्न हो सकता है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक के प्रति भी नाराजगी जताते हुए ग्रामीण क्षेत्रों की उपेक्षा का आरोप लगाया। जनसंपर्क कार्यक्रम में बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में जीवन चंद्र, राजन लाल, नंद किशोर, लीला देवी, चंपा देवी, कमला देवी, बसंती देवी, नवीन चंद्र, दिनेश तिवारी, नारायण सिंह खत्री, सुखदेव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

