नीट पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में आप पार्ट का घंटाघर पर प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

देहरादून। आम आदमी पार्टी उत्तराखंड ने बुधवार को प्रदेश अध्यक्षा उमा गौड़ सिसोदिया के नेतृत्व में देहरादून के घंटाघर स्थित स्वर्गीय इन्द्रमणि बडोनी की प्रतिमा के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन नीट पेपर लीक मामले और दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में आयोजित किया गया।
धरने को संबोधित करते हुए उमा गौड़ सिसोदिया ने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक से लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने केंद्र सरकार से इस घटना पर सार्वजनिक माफी मांगने, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तथा पेपर लीक मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड के छात्र भी इस मामले से प्रभावित हुए हैं और उनकी चिंताओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
प्रदर्शन में प्रदेश महासचिव श्याम बाबू पाण्डेय, युवा मोर्चा अध्यक्ष हिमांशु पुण्डीर, प्रदेश उपाध्यक्ष सुधा पटवाल, अशोक सेमवाल, डीके पाल, प्रवक्ता डी.एस. कौटिल्य, प्रदेश सचिव जितेन पंथ, मीडिया प्रभारी विपिन खन्ना, शैलेश तिवारी, कमल राणा, अकेश भट्ट सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल रहे।

