हरकी पैड़ी क्षेत्र में भिक्षावृत्ति पर कार्रवाई, 20 लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज
हरिद्वार। हरकी पैड़ी क्षेत्र में भिक्षावृत्ति और यात्रियों से दुर्व्यवहार की शिकायतों के मद्देनजर पुलिस ने व्यापक अभियान चलाते हुए 20 भिक्षुकों के खिलाफ कार्रवाई की है। सभी आरोपितों के विरुद्ध भिक्षुक अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन लगाम” के अंतर्गत कोतवाली नगर पुलिस ने 24 मार्च 2026 को विशेष अभियान संचालित किया। प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने हरकी पैड़ी के घाटों पर पहुंचकर ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की, जो यात्रियों से जबरन भीख मांगने और बदसलूकी करने की शिकायतों में शामिल पाए गए।
पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान 20 व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई। अधिकारियों का कहना है कि धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
अभियान में प्रभारी निरीक्षक सहित उपनिरीक्षक और पुलिसकर्मियों की टीम शामिल रही, जिन्होंने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया।

