अपर पुलिस महानिदेशक डॉ. वी. मुरुगेशन ने की राज्यव्यापी अपराध एवं कानून व्यवस्था की उच्च स्तरीय समीक्षा
देहरादून।पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड में अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन की अध्यक्षता में गढ़वाल एवं कुमाऊं रेंज, एसटीएफ और सभी जनपदों के वरिष्ठ/पुलिस अधीक्षकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक उच्च स्तरीय अपराध एवं कानून व्यवस्था समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करने तथा पुलिसिंग के प्रत्येक स्तर पर तत्परता और समन्वय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विस्तृत चर्चा की गई।
अपर पुलिस महानिदेशक ने अधिकारियों को संवेदनशील, जिम्मेदार और समन्वित दृष्टिकोण के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण में तकनीकी संसाधनों का अधिकतम उपयोग किया जाए और सभी जनपद यह सुनिश्चित करें कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि पर त्वरित प्रतिक्रिया दी जाए। दिल्ली में हाल ही में हुए बम धमाके की पृष्ठभूमि में उन्होंने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि राज्य के सभी जनपदों में अंतर्राष्ट्रीय और अंतर-जनपदीय सीमाओं, एयरपोर्ट, हवाई पट्टियों, वायुसेना स्टेशनों, हैलीपैड, होटल, धर्मशालाओं, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, बाजारों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बी.डी.एस. एवं डॉग स्क्वाड के माध्यम से सघन तलाशी अभियान चलाया जाए तथा पुलिस बल को पूर्ण अलर्ट मोड पर रखा जाए।
उन्होंने जनपद प्रभारियों को लंबित विवेचनाओं की स्वयं समीक्षा कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने, चोरी और लूट की घटनाओं में शत-प्रतिशत अनावरण एवं बरामदगी करने के निर्देश दिए। डायल 112 से प्राप्त वाहन चोरी और स्नैचिंग की घटनाओं की व्यक्तिगत समीक्षा कर नियमानुसार कार्रवाई करने के साथ ही पुलिस अधीक्षक दूरसंचार को प्रत्येक माह जनपदवार स्ट्रीट क्राइम रिपोर्ट तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
डॉ. मुरुगेशन ने डायल 112 के रिस्पॉन्स टाइम को राज्य के औसत स्तर तक लाने हेतु संसाधनों के पुनर्संरचना की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने गंभीर अपराधों और संपत्ति संबंधी अपराधों के घटनास्थल का निरीक्षण ऑल परपज क्राइम सीन इन्वेस्टिगेशन किट विद ड्रग डिटेक्शन किट के साथ समय पर करने और इसकी नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अन्वेषण में वैज्ञानिक सहयोग हेतु भारत सरकार के विभिन्न पोर्टलों के प्रभावी उपयोग को अनिवार्य बताते हुए कहा कि सभी विवेचकों को अद्यतन जानकारी दी जाए और नोडल अधिकारी समय-समय पर इसकी समीक्षा करें।
समीक्षा बैठक में पुलिस महानिरीक्षक (अपराध एवं कानून व्यवस्था/सीसीटीएनएस) श्री सुनील कुमार मीणा, पुलिस उपमहानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था श्री धीरेन्द्र सिंह गुन्ज्याल, पुलिस अधीक्षक (अपराध/सीसीटीएनएस) श्रीमती विशाखा अशोक भदाणें सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
