HTML tutorial
HTML tutorial

एडीजी डॉ. वी. मुरुगेशन ने गंगोत्री से गौमुख ट्रैक तक परखी सुरक्षा व्यवस्था

एडीजी डॉ. वी. मुरुगेशन ने गंगोत्री से गौमुख ट्रैक तक परखी सुरक्षा व्यवस्था
Spread the love

उत्तरकाशी। अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था उत्तराखण्ड डॉ. वी. मुरुगेशन ने 03 अक्टूबर 2026 को उत्तरकाशी भ्रमण के दौरान गंगोत्री धाम यात्रा मार्ग से लेकर गौमुख ट्रैक तक स्थलीय निरीक्षण कर पुलिस एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने यात्रा मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती, श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुरक्षा, भीड़ एवं यातायात प्रबंधन, पार्किंग तथा संवेदनशील स्थानों पर निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की।

एडीजी ने अधीनस्थ अधिकारियों को यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन और निगरानी व्यवस्था को लगातार प्रभावी बनाए रखने तथा स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गंगोत्री धाम स्थित पुलिस चौकी के निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई एवं पुलिस अभिलेखों का अवलोकन किया।

उन्होंने धाम पर तैनात पुलिस, अग्निशमन एवं एसडीआरएफ कर्मियों को भीड़ और यातायात प्रबंधन प्रभावी बनाए रखने, श्रद्धालुओं को मंदिर में व्यवस्थित एवं कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराने तथा नदी घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही पार्किंग स्थलों एवं धाम क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी रखने तथा भीड़ बढ़ने की स्थिति में प्रभावी नियंत्रण एवं यातायात डायवर्जन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

एडीजी ने पुलिस कर्मियों को श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने तथा उनकी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

गौमुख ट्रैक स्थित भोजवासा पुलिस चौकी पहुंचकर उन्होंने धरातलीय निरीक्षण किया और विपरीत भौगोलिक परिस्थितियों में तैनात पुलिस कर्मियों के लिए उपलब्ध रहने, खाने एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने जवानों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।

गौमुख जैसे दुर्गम और चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में विषम परिस्थितियों के बीच ड्यूटी कर रहे पुलिस कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए एडीजी ने उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने ट्रैकिंग पर आने वाले ट्रैकर्स, पर्यटकों, श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया के लिए सदैव सतर्क रहने के निर्देश दिए।

उन्होंने गौमुख ट्रैक पर आवागमन करने वाले प्रत्येक ट्रैकर, पर्यटक एवं तीर्थयात्री का पूरा विवरण निर्धारित पंजिका में अनिवार्य रूप से दर्ज करने, नियमित निगरानी रखने और सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, दुर्घटना अथवा आपात स्थिति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने तथा संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

डॉ. वी. मुरुगेशन ने कहा कि चारधाम एवं गौमुख जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुरक्षा, सुगम आवागमन तथा बेहतर पुलिस व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस कर्मी पूर्ण सजगता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

निरीक्षण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी जनक सिंह पंवार, प्रभारी निरीक्षक हर्षिल प्रदीप तोमर, प्रभारी चौकी गंगोत्री प्रमोद उनियाल, एसडीआरएफ के वीरेंद्र पंवार सहित पुलिस एवं एसडीआरएफ के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles