ADG लॉ एंड ऑर्डर ने श्री मां पूर्णागिरि मेले की सुरक्षा, यातायात और कानून व्यवस्था की समीक्षा की

ADG लॉ एंड ऑर्डर ने श्री मां पूर्णागिरि मेले की सुरक्षा, यातायात और कानून व्यवस्था की समीक्षा की
Spread the love

टनकपुर।उत्तर भारत के सुप्रसिद्ध श्री मां पूर्णागिरि मेले में कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आज अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) अपराध एवं कानून व्यवस्था, उत्तराखंड डॉ. वी. मुरुगेशन ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं को सरल, सुगम और व्यवधान रहित दर्शन कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

अपर पुलिस महानिदेशक ने थाना टनकपुर से ठूलीगाढ़, भैरव मंदिर, काली मंदिर, SDRF कैंप और मुख्य मंदिर तक सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस बल के रहने, खाने और ठहरने की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुगम व सुरक्षित दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने और अत्यधिक भीड़ बढ़ने पर कुशल भीड़ प्रबंधन अपनाने को कहा।

मेले में परिवार से बिछड़े बच्चों, बुजुर्गों और अन्य श्रद्धालुओं की त्वरित खोजबीन कर उन्हें उनके परिजनों से मिलाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही अग्निशमन कर्मचारियों को अलर्ट मोड में रहने और अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया। ADG ने नदी किनारे स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर अधिक से अधिक प्रशिक्षित तैराक पुलिस कर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए।

यातायात प्रबंधन को लेकर भी उन्होंने सख्त निर्देश दिए। मेले के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखने और नशे में वाहन चलाने, ओवरलोडिंग व ओवरस्पीडिंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया। इसके अलावा, ट्रेनों के समय पर श्रद्धालुओं की भीड़ को कुशलतापूर्वक प्रबंधित करने के निर्देश दिए गए। रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया।

ADG डॉ. मुरुगेशन ने पुलिस अधीक्षक चंपावत अजय गणपति को निर्देश दिए कि मेले में सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, जिससे श्रद्धालुओं को सरल, सुगम और सुरक्षित दर्शन सुनिश्चित किए जा सकें।

देवभूमि खबर

Related articles