एडीएम अशोक कुमार ने तहसील दिवस में जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
रुद्रपुर।अपर जिलाधिकारी अशोक कुमार जोशी ने मंगलवार को जिला सभागार में आयोजित तहसील दिवस में अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री जनसमर्पण पोर्टल और तहसील दिवस में दर्ज समस्याओं को संवेदनशीलता और गंभीरता से लेकर समयबद्ध रूप से निस्तारित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सरकार की प्राथमिकता है, इसलिए तहसील दिवस में पंजीकृत शिकायतों को निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारित करना सुनिश्चित करें।
तहसील दिवस में बिजली, अतिक्रमण, स्वास्थ्य और अवैध निर्माण से संबंधित 10 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 8 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि 2 शिकायतों को तहसील बाजपुर और जसपुर में निस्तारण के लिए हस्तांतरित किया गया। जयनगर न.1 निवासी हरीश चंद्र ने अपने घर के सामने लगे विद्युत ट्रांसफार्मर को हटाने का अनुरोध किया और इसके लिए भूमि उपलब्ध कराने की भी सहमति दी, जिस पर अपर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को निरीक्षण कर समाधान के निर्देश दिए। न्यू देव होम्य फेस-6 रुद्रपुर निवासी अनामिका ने खरीदी गई भूमि पर कब्जा न मिलने की शिकायत की, जिस पर तहसीलदार को दोनों पक्षों को बुलाकर तुरंत निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
जयनगर न.1 निवासी सुभाष हालदार ने अपनी भूमि पर कब्जा करने के प्रयास की शिकायत की, जिस पर अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि उप जिलाधिकारी द्वारा 2016 में ही कब्जा दिलाया जा चुका है और उन्हें भूमि पर खेती-बाड़ी करने की सलाह दी गई। विजय नगर निवासी हरविंदर कौर ने ग्राम पंचायत में अवैध निर्माण और सिंचाई विभाग की नहर क्षेत्र में अतिक्रमण की शिकायत की, जिस पर तहसीलदार, विकास प्राधिकरण और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को मौके पर जाकर अतिक्रमण हटाने और अवैध निर्माण ध्वस्त करने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने सख्त निर्देश दिए कि कोई भी सरकारी भूमि, नदी-नाले पर अवैध कब्जा या अवैध निर्माण न हो और यदि ऐसा होता है तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि अवैध कब्जाधारियों की संपत्ति की खरीद-फरोख्त पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी यूसी तिवारी, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल, तहसीलदार दिनेश कुटौला, मुख्य उद्यान अधिकारी प्रभाकर सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशुतोष जोशी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

