सितारगंज गार्डन का कृषि मंत्री गणेश जोशी ने किया औचक निरीक्षण, कर्मचारियों में मचा हड़कंप
सितारगंज।उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को ऊधमसिंह नगर जनपद के सितारगंज स्थित राजकीय गार्डन एवं पौधालय का औचक निरीक्षण किया। मंत्री के अचानक पहुंचने से विभागीय कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति बन गई।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने उपस्थिति रजिस्टर का अवलोकन कर कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने गार्डन में विकसित की जा रही विभिन्न नर्सरियों का बारीकी से निरीक्षण किया और पौध उत्पादन की गुणवत्ता को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विभागीय कर्मचारियों ने मंत्री को जानकारी दी कि गार्डन में आम, लीची और अमरूद की उन्नत प्रजातियों का उत्पादन किया जा रहा है। विशेष रूप से अमरूद की एल-49 प्रजाति के लगभग 3 हजार पौधे तैयार किए गए हैं।
इस अवसर पर कृषि मंत्री ने कहा कि उद्यानिकी क्षेत्र में गुणवत्ता और कार्यप्रणाली को बेहतर बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, ताकि किसानों को उच्च गुणवत्ता के पौधे उपलब्ध कराए जा सकें और उनकी आय में वृद्धि हो सके। उन्होंने अधिकारियों को आधुनिक तकनीकों को अपनाने के निर्देश दिए, जिससे पौध उत्पादन को अधिक प्रभावी बनाया जा सके और क्षेत्रीय किसानों को अधिक लाभ मिल सके।

