HTML tutorial
HTML tutorial

फसल नुकसान का आकलन कर किसानों को जल्द दें मुआवजा: कृषि मंत्री गणेश जोशी

फसल नुकसान का आकलन कर किसानों को जल्द दें मुआवजा: कृषि मंत्री गणेश जोशी
Spread the love

प्रदेश के सभी जिलों में 415 माली की भर्ती एक माह में पूरी करने के निर्देश, पॉलीहाउस निर्माण में तेजी लाने पर जोर

देहरादून। प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को कैंप कार्यालय में कृषि एवं उद्यान विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंत्री ने बेमौसम बारिश और अतिवृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का तत्काल आकलन कर प्रभावित किसानों को बिना देरी क्षतिपूर्ति राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कृषि मंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फसल क्षति का सटीक आकलन कर प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। साथ ही, किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रति जागरूक करने और अधिक से अधिक किसानों को योजना से जोड़ने के लिए विशेष जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएं, ताकि किसानों को आपदा की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा मिल सके।

बैठक में राजकीय उद्यानों और पौधशालाओं में माली के रिक्त पदों पर भर्ती की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मंत्री गणेश जोशी ने प्रदेश के सभी जिलों में स्थित राजकीय उद्यानों एवं पौधशालाओं के लिए आउटसोर्स के माध्यम से 415 माली उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि एक माह के भीतर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर 415 माली उपलब्ध करा दिए जाएंगे। इससे उद्यानों और पौधशालाओं के रखरखाव तथा संचालन संबंधी कार्यों को गति मिलेगी।

पॉलीहाउस योजना की समीक्षा करते हुए कृषि मंत्री ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में पॉलीहाउस स्थापना का लगभग 38 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्य प्रगति पर है। इस पर मंत्री ने निर्माण कार्य युद्धस्तर पर पूरा करने और कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

मंत्री ने नवंबर माह में कृषि एवं उद्यान विभाग की ओर से प्रस्तावित टी फेस्टिवल सहित अन्य कार्यक्रमों की तैयारियों की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रमों की रूपरेखा समय से तैयार करने और आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने जियो लाइन टैंक निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया।

बैठक में अपर सचिव एवं महानिदेशक कृषि एवं उद्यान डॉ. आनंद श्रीवास्तव, निदेशक उद्यान डॉ. आर.के. सिंह, निदेशक कृषि दिनेश कुमार, निदेशक बागवानी मिशन महेंद्र पाल, अपर निदेशक डॉ. रतन कुमार, सीईओ औद्यानिक परिषद नरेंद्र यादव सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles