HTML tutorial
HTML tutorial

विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों पर निर्वाचन आयोग की दो दिवसीय समीक्षा बैठक संपन्न

विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों पर निर्वाचन आयोग की दो दिवसीय समीक्षा बैठक संपन्न
Spread the love

देहरादून। उत्तराखण्ड विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 की तैयारियों को लेकर भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित दो दिवसीय उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक मंगलवार को संपन्न हो गई। बैठक में प्रदेश के दोनों मंडलों के मंडलायुक्त, पुलिस रेंज के प्रभारी, राज्य पुलिस नोडल अधिकारी, सभी जिलों के जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षकों सहित केंद्र और राज्य सरकार की 21 प्रवर्तन एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने चुनाव तैयारियों के संबंध में विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।

देहरादून के राजपुर रोड स्थित एक होटल में आयोजित बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप चुनाव आयुक्त मनीष गर्ग, महानिदेशक मीडिया आशीष गोयल, महानिदेशक सूचना प्रौद्योगिकी सीमा खन्ना और मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम सहित आयोग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के पहले दिन सभी जिलाधिकारियों एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों तथा जिला इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन नोडल अधिकारियों के लिए ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) से संबंधित कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें आयोग के अधिकारियों ने आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर जोर दिया गया।

मंगलवार को बैठक के दूसरे दिन सभी जिलाधिकारियों एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों ने अपने-अपने जनपदों में चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, उपलब्ध पुलिस बल की तैनाती की योजना, अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था से जुड़े विषयों पर जानकारी प्रस्तुत की। चुनाव के दौरान शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा प्रबंधन और बलों की उपलब्धता की समीक्षा भी की गई।

भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों ने अब तक की तैयारियों पर संतोष व्यक्त करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित चुनावी कार्ययोजना के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए। अधिकारियों से चुनाव संबंधी सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने को कहा गया।

बैठक में अर्द्धसैनिक बलों, आबकारी, वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी), परिवहन, वन विभाग, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और सीमा शुल्क सहित 21 प्रवर्तन एजेंसियों ने भी चुनाव की तैयारियों पर प्रस्तुतीकरण दिया। इन एजेंसियों की भूमिका चुनाव के दौरान अवैध नकदी, शराब एवं अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की आवाजाही पर निगरानी रखने तथा निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाए रखने के दृष्टिगत महत्वपूर्ण मानी जाती है।

बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के प्रधान सचिव एस.बी. जोशी और बी.के. पाठक, कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत, गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप, आईजी निलेश आनंद भरणे, कुमाऊं रेंज की आईजी नवनीत कुकरेती, गढ़वाल रेंज की प्रभारी आईजी विमि सचदेवा, राज्य पुलिस नोडल अधिकारी आईजी कृष्ण कुमार वीके, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे सहित प्रदेश के सभी जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तूदास भी बैठक में शामिल हुए।

देवभूमि खबर

Related articles