HTML tutorial
HTML tutorial

मुखानी दुष्कर्म मामला: आईटीआई गैंग के चार आरोपी छह घंटे में गिरफ्तार

मुखानी दुष्कर्म मामला: आईटीआई गैंग के चार आरोपी छह घंटे में गिरफ्तार
Spread the love

नैनीताल। जनपद के मुखानी क्षेत्र में नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म के गंभीर मामले में नैनीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार नामजद आरोपियों को घटना की शिकायत मिलने के छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार चारों आरोपी शहर में चर्चित आईटीआई गैंग के सदस्य बताए जा रहे हैं। मामले में एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्वयं पुलिस कार्रवाई की निगरानी की।

पुलिस के अनुसार, देर रात पीड़िता के परिजनों ने कोतवाली मुखानी में तहरीर देकर आरोप लगाया कि चार युवकों ने उनकी नाबालिग बच्ची को डराने-धमकाने और बहला-फुसलाकर एक होटल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई।

प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में नामजद धीरज बिष्ट, नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गोनी को छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट किया कि महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों तथा विशेषकर नाबालिगों से जुड़े यौन अपराधों के मामलों में पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है। ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है और इस प्रकार के अपराध करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

देवभूमि खबर

Related articles