HTML tutorial
HTML tutorial

रामनगर में महिला की निर्मम हत्या का खुलासा, पुरानी रंजिश में तीन आरोपी गिरफ्तार

रामनगर में महिला की निर्मम हत्या का खुलासा, पुरानी रंजिश में तीन आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

नैनीताल। रामनगर के ग्राम किशनपुर छोई में महिला की निर्मम हत्या के मामले में नैनीताल पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि पुरानी रंजिश और बदले की भावना के चलते मुख्य आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त डंडे, लोहे का पाना, पत्थर और घटना में इस्तेमाल वाहन भी बरामद किया है।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को डायल 112 के माध्यम से रामनगर पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम किशनपुर छोई निवासी त्रिलोक सिंह बिष्ट के घर के बाहर एक महिला का शव पड़ा है। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। मृतका की पहचान विमला देवी (56 वर्ष), पत्नी खिलाप सिंह बिष्ट, निवासी किशनपुर छोई के रूप में हुई। घटनास्थल के निरीक्षण में महिला के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले। पुलिस ने फील्ड यूनिट की सहायता से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के पुत्र कुंदन सिंह बिष्ट की तहरीर पर कोतवाली रामनगर में मुकदमा संख्या 356/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने पुलिस और एसओजी की अलग-अलग टीमों का गठन किया। एसपी हल्द्वानी हरबन्स सिंह और क्षेत्राधिकारी रामनगर रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीन संदिग्ध महिला के साथ मारपीट कर उसे जबरन ले जाते और बाद में वाहन से उसका शव घटनास्थल के पास फेंकते दिखाई दिए। तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपियों की पहचान की गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल अपने पिता की पूर्व में हुई हत्या का बदला लेने की भावना रखता था। इसी पुरानी रंजिश के चलते उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर विमला देवी की हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल को गिरफ्तार किया, जबकि उसके दोनों साथियों को रामनगर रेलवे मैदान के पास से उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वे क्षेत्र से फरार होने की फिराक में थे।

गिरफ्तार आरोपियों में मोहित फर्त्याल (32 वर्ष), निवासी किशनपुर छोई, सैरान (21 वर्ष), निवासी खताड़ी, तथा मोहम्मद अब्बूजर (22 वर्ष), निवासी खताड़ी, रामनगर शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल तीन डंडे, एक लोहे का पाना, एक पत्थर, वाहन संख्या UK04 AN6012 तथा मृतका के पेटीकोट का नाड़ा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, इन वस्तुओं का इस्तेमाल वारदात के दौरान किया गया था।

इस हत्याकांड के खुलासे में रामनगर कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार, एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक मोहन सिंह सोन सहित रामनगर, कालाढूंगी, पीरूमदारा, छोई, मालधन और कोटाबाग चौकियों के पुलिसकर्मी शामिल रहे। टीम में कुल 26 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल थे।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने हत्याकांड का शीघ्र खुलासा करने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए 2,000 रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।

देवभूमि खबर

Related articles