बीडी इंटर कॉलेज भूमि घोटाले में एक और गिरफ्तारी, फर्जी सोसाइटी बनाकर जमीन बेचने का आरोप
हरिद्वार ।पुलिस ने बीडी इंटर कॉलेज से जुड़ी भूमि धोखाधड़ी मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दयानन्द एंग्लो वैदिक संस्था की लगभग साढ़े आठ बीघा भूमि को कथित रूप से फर्जी तरीके से बेचने के मामले में यह कार्रवाई की गई है। इस प्रकरण में मुख्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार 22 मार्च 2026 को दयानन्द एंग्लो वैदिक संस्था के आजीवन सदस्य सुधीर कुमार त्यागी ने कोतवाली भगवानपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि दुष्यन्त कुमार ने अन्य लोगों के साथ मिलकर एक फर्जी सोसाइटी का गठन किया और संस्था की लगभग साढ़े आठ बीघा भूमि को बिना वैध अनुमति के फर्जी दस्तावेजों के आधार पर रुड़की निवासी विनय सैनी को बेच दिया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 135/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मुख्य आरोपी दुष्यन्त कुमार को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य वांछित आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहे थे। मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखते हुए पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर 31 मई 2026 को वांछित आरोपी मौ. मुर्सलीन पुत्र असगर निवासी ग्राम शेरपुर, थाना भगवानपुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
इस कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक रमेश सैनी तथा कांस्टेबल उवैदल्लाह शामिल रहे।

