पीआरडी जवानों की मांगों को लेकर विधायक उमेश शर्मा काऊ से मिला प्रतिनिधिमंडल, जल्द समाधान का मिला आश्वासन

Spread the love

देहरादून ।प्रान्तीय रक्षक दल हित संगठन (स्थापित 2005) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह पंवार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर विधानसभा से भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ से उनके आवास पर मुलाकात कर पीआरडी जवानों एवं स्वयंसेवकों की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान संगठन ने मुख्यमंत्री द्वारा वर्ष 2021 में पीआरडी जवानों को 300 दिन का नियमित रोजगार उपलब्ध कराने की घोषणा तथा संगठन की दो सूत्रीय प्रमुख मांगों के संबंध में विस्तार से चर्चा की।

विधायक उमेश शर्मा काऊ ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा के संबंध में आवश्यक जानकारी मुख्यमंत्री तक पहुंचाई जा चुकी है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर मुख्यमंत्री सचिव शैलेश बगोली को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं और हित संगठन की मांगों पर कार्रवाई की प्रक्रिया गतिमान है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के संबंध में शीघ्र ही शासनादेश जारी होने की संभावना है तथा संगठन की दो सूत्रीय मांगों के समाधान के लिए निदेशालय स्तर से प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

हित संगठन के पदाधिकारियों ने विधायक उमेश शर्मा काऊ का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी पीआरडी जवानों और बेरोजगार स्वयंसेवकों के हितों की रक्षा के लिए सहयोग की अपेक्षा जताई।

प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश सचिव गम्भीर सिंह रावत, पंकज कुमार, लक्ष्मण सिंह, सावित्री देवी, नरेश कुमार, दिग्पाल, संजय काला सहित अन्य पीआरडी जवान और स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles