बीकेटीसी बोर्ड बैठक में 127 करोड़ के बजट का अनुमोदन, चारधाम यात्रा के सफल संचालन पर आभार
देहरादून। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) की बोर्ड बैठक समिति अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी की अध्यक्षता में केनाल रोड स्थित कार्यालय सभागार में आयोजित हुई। भगवान श्री बदरीनाथ एवं भगवान श्री केदारनाथ की आरती के साथ बैठक की शुरुआत हुई।
बैठक में नवनियुक्त सदस्यों का परिचय कराया गया तथा सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का स्वागत किया गया। बैठक में प्रदेश सरकार एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को चारधाम यात्रा के सफल संचालन हेतु धन्यवाद दिया गया।
मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने नवगठित बीकेटीसी की पहली बैठक में सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए बैठक का संचालन किया। इसके बाद वित्त अधिकारी मनीष कुमार उप्रेती ने वर्ष 2025-26 के लिए बजट पेश किया, जिसे चर्चा के बाद सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया।
अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि वर्ष 2025-26 के लिए समिति ने कुल 127 करोड़ 9 लाख 99 हजार 70 रुपये का बजट पारित किया है। इसमें श्री बदरीनाथ धाम के लिए 64 करोड़ 22 लाख 27 हजार 70 रुपये तथा श्री केदारनाथ धाम के लिए 62 करोड़ 87 लाख 70 हजार रुपये की प्रस्तावित आय रखी गई है। व्यय में श्री बदरीनाथ धाम के लिए 56 करोड़ 86 लाख 83 हजार 320 रुपये और श्री केदारनाथ धाम के लिए 40 करोड़ 93 लाख 37 हजार रुपये का प्रावधान किया गया है।
बैठक में जानकारी दी गई कि 8 जुलाई 2025 तक श्री बदरीनाथ एवं श्री केदारनाथ धामों में कुल 24 लाख 78 हजार 963 तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए हैं। इनमें श्री बदरीनाथ धाम में 11 लाख 37 हजार 628 तथा श्री केदारनाथ धाम में 13 लाख 41 हजार 335 श्रद्धालु शामिल हैं। पंजीकरण के आंकड़े भी साझा किए गए, जिनके अनुसार श्री बदरीनाथ धाम में अब तक 14 लाख 32 हजार 983 और श्री केदारनाथ धाम में 15 लाख 49 हजार 930 तीर्थयात्रियों ने पंजीकरण करवाया है। मानसून सीजन में भी चारधाम यात्रा सुचारु रूप से जारी है।
बैठक के अंत में बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि केदारनाथ हैली दुर्घटना में दिवंगत कर्मचारी विक्रम रावत समेत यात्राकाल में जान गंवाने वाले सभी श्रद्धालुओं को श्रद्धांजलि स्वरूप दो मिनट का मौन रखा गया।
बैठक में उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, श्रीनिवास पोस्ती, महेंद्र शर्मा, धीरज पंचभैया मोनू, देवी प्रसाद देवली, राजपाल जड़धारी, प्रह्लाद पुष्पवान, डॉ. विनीत पोस्ती, राजेंद्र प्रसाद डिमरी, नीलम पुरी, दिनेश डोभाल सहित प्रभारी अधिकारी बदरीनाथ विपिन तिवारी, विधि अधिकारी एसएस बर्त्वाल, निजी सचिव प्रमोद नौटियाल, अतुल डिमरी, विश्वनाथ, संजय भट्ट आदि उपस्थित रहे।

