पत्रकार पर हमला: बिल्डरों ने दी हिंसा को अंजाम, पत्रकारों में रोष — मुख्यमंत्री धामी के बुलडोजर ने अवैध निर्माण ध्वस्त किया

पत्रकार पर हमला: बिल्डरों ने दी हिंसा को अंजाम, पत्रकारों में रोष — मुख्यमंत्री धामी के बुलडोजर ने अवैध निर्माण ध्वस्त किया
Spread the love

न्यूज़ रिपोर्ट : ललित जोशी,

नैनीताल।सरोवर नगरी नैनीताल से सटे हल्द्वानी क्षेत्र में पत्रकार दीपक अधिकारी पर हुए हमले से पूरे राज्य के पत्रकारों में गहरा रोष व्याप्त है। जानकारी के अनुसार, पत्रकार दीपक अधिकारी अपने साथी के साथ नाले के पास चल रहे अवैध निर्माण की कवरेज करने गए थे। वहां बिल्डरों द्वारा खुलेआम निर्माण कार्य चल रहा था, जबकि प्रशासन और जनप्रतिनिधि मौन बने हुए थे।

जब दीपक अधिकारी ने इस सच्चाई को अपने न्यूज़ चैनल के माध्यम से उजागर करने का प्रयास किया, तो मौके पर मौजूद बिल्डर अजीत चौहान और अनिल चौहान ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में दीपक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें देर रात कृष्णा अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की सूचना मिलते ही उत्तराखंड के पत्रकार संगठनों में उबाल आ गया। तमाम पत्रकारों ने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की मांग की। मामले का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

सुबह जिला प्रशासन, पुलिस बल और जनप्रतिनिधियों की टीम मौके पर पहुँची और नाले के किनारे किए गए अवैध निर्माण को मुख्यमंत्री धामी के बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को हिरासत में लेकर जेल भेजने की तैयारी शुरू कर दी है।

घटना का संज्ञान कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत, जिला अधिकारी ललित मोहन रयाल और एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने भी तत्काल लिया। मौके पर अपर जिलाधिकारी विवेक राय, नगर आयुक्त पारितोष वर्मा, प्राधिकरण सचिव विजय नारायण शुक्ला और तहसीलदार कुलदीप पांडे भी मौजूद रहे।

यह घटना न केवल पत्रकारों की सुरक्षा पर सवाल उठाती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि सच दिखाने की कोशिश आज भी कितनी बड़ी चुनौती है।

देवभूमि खबर

Related articles