हरिद्वार में ऑटो लिफ्टर गैंग का भंडाफोड़, दो अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरफ्तार; 25 चोरी की बाइक बरामद

हरिद्वार में ऑटो लिफ्टर गैंग का भंडाफोड़, दो अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरफ्तार; 25 चोरी की बाइक बरामद
Spread the love

हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक अंतरराज्यीय ऑटो लिफ्टर गैंग का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर 25 चोरी की मोटरसाइकिलें और कई वाहनों के पार्ट्स बरामद किए हैं। आरोपी हरिद्वार के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के बिजनौर और आसपास के क्षेत्रों में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।

पुलिस के अनुसार, कोतवाली रानीपुर क्षेत्र में मई से जुलाई 2026 के बीच लगातार स्प्लेंडर, प्लेटिना और एचएफ डीलक्स सहित कई दोपहिया वाहन चोरी होने के मामले दर्ज हुए थे। बढ़ती घटनाओं पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने प्रभारी निरीक्षक रानीपुर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। तकनीकी सहायता और खुफिया जानकारी जुटाने की जिम्मेदारी सीआईयू हरिद्वार को सौंपी गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थलों का निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की गतिविधियों का डिजिटल प्रोफाइल तैयार किया। लगातार निगरानी के बाद 21 जुलाई 2026 को पुलिस ने जमालपुर जाने वाले कच्चे रास्ते पर चेकिंग के दौरान भव्य उर्फ भोला और सुधीर कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से हाल ही में चोरी की गई एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हरिद्वार, ऋषिकेश, बिजनौर सहित कई क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी के वाहन कम कीमत पर बेच दिए जाते थे और यदि कोई वाहन नहीं बिकता था तो उसे खोलकर उसके पार्ट्स अलग-अलग बेच दिए जाते थे। दोनों आरोपी चोरी से हुई कमाई बराबर-बराबर बांटते थे।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने दादूपुर गोविंदपुर स्थित एक खंडहर को चोरी के वाहनों का ठिकाना बना रखा था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वहां छापेमारी कर 24 अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें और बड़ी मात्रा में वाहन पार्ट्स बरामद किए। बरामद वाहनों में हरिद्वार के रानीपुर, ज्वालापुर, नगर कोतवाली, सिडकुल, मंगलौर तथा उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से चोरी की गई मोटरसाइकिलें शामिल हैं। अन्य बरामद वाहनों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी भव्य उर्फ भोला पहले भी बिजनौर में वाहन चोरी के मामले में जेल जा चुका है और नशे के इंजेक्शन लगाने का आदी है। उसका साथी सुधीर कुमार पेशे से मोटर मैकेनिक है, जो चोरी की मोटरसाइकिलों के पार्ट्स निकालकर बेचने में माहिर था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भव्य उर्फ भोला (18 वर्ष) पुत्र अरुण कुमार, निवासी अमीरपुर गांगू, थाना कोतवाली शहर, जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश) तथा सुधीर कुमार (22 वर्ष) पुत्र कालू, निवासी रसूलपुर आबाद, थाना हल्दौर, जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर 25 चोरी की मोटरसाइकिलें तथा विभिन्न दोपहिया वाहनों के पार्ट्स बरामद किए हैं। बरामद वाहनों में हरिद्वार और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की गई बाइक शामिल हैं।

कार्रवाई को सफल बनाने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नन्दकिशोर ग्वाड़ी, उपनिरीक्षक चरण सिंह चौहान (प्रभारी चौकी गैस प्लांट), उपनिरीक्षक सुधांशु कौशिक, अपर उपनिरीक्षक सुबोध घिल्डियाल, कांस्टेबल करम तोमर, गम्भीर तोमर, प्रेम दानू, अजय, विवेक गुसाईं, मंजीत राणा तथा महेन्द्र सिंह शामिल रहे।

पूरे अभियान में सीआईयू हरिद्वार के प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह बिष्ट ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

देवभूमि खबर

Related articles