हुड़दंग से बचें, शांति और सुरक्षा के साथ मनाएं होली — उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई करेगी देहरादून पुलिस

Spread the love

देहरादून।रंगों का पर्व होली उल्लास और भाईचारे का प्रतीक है। इसे सकुशल संपन्न कराने के लिए देहरादून पुलिस द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। पुलिस ने पूर्व वर्षों में पर्व के दौरान हुए विवादों का परीक्षण करते हुए ऐसे अराजक तत्वों को चिन्हित किया है, जो त्योहार की आड़ में शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास कर सकते हैं। ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने सभी थाना क्षेत्रों में सर्वधर्म के संभ्रांत व्यक्तियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ पीस कमेटी की बैठकें आयोजित कर आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। साथ ही यह भी अनुरोध किया गया है कि यदि कोई व्यक्ति हुड़दंग या अराजकता फैलाने का प्रयास करे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए।

सुरक्षा की दृष्टि से पूरे जनपद को 03 सुपर जोन, 08 जोन, 21 सेक्टर तथा 53 सब-सेक्टर में विभाजित किया गया है। सुपर जोन में अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी, जोन में क्षेत्राधिकारी स्तर के अधिकारी, सेक्टर में संबंधित थाना प्रभारी तथा सब-सेक्टर में उपनिरीक्षक रैंक के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी क्षेत्रों में मोबाइल पार्टियों एवं स्टेटिक फोर्स की तैनाती की गई है, जो नियमित भ्रमणशील रहकर प्रत्येक गतिविधि पर सतर्क नजर रखेंगे। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई के लिए सभी थाना क्षेत्रों में पीसीआर भी सक्रिय रहेगी।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी 24×7 निगरानी रखी जा रही है। भ्रामक खबरों, विवादित पोस्टों या धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने वाले किसी भी प्रयास पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जनपद के विभिन्न स्थानों पर आयोजित होने वाले होलिका दहन कार्यक्रमों को लेकर आयोजकों से वार्ता कर उन्हें केवल निर्धारित स्थानों पर ही आयोजन करने तथा कोई नई परंपरा शुरू न करने के निर्देश दिए गए हैं।

देहरादून पुलिस ने आमजन से अपील की है कि होली का पावन पर्व अपने परिवार के साथ हर्षोल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं, लेकिन इस बात का भी विशेष ध्यान रखें कि आपकी किसी भी हरकत से किसी अन्य व्यक्ति को असुविधा न हो। त्योहार की आड़ में शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Next Post

जनता दर्शन में 92 शिकायतों की सुनवाई, लापरवाही पर सख्त रुख

Spread the love देहरादून।जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जनता दर्शन में कुल 92 शिकायतों पर सुनवाई की गई। भूमि विवाद, अवैध कब्जा, आपसी विवाद, आर्थिक सहायता, फीस माफी और उपचार संबंधी मामलों पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। […]