ऑपरेशन प्रहार के तहत अल्मोड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 16.44 ग्राम स्मैक के साथ 02 तस्कर गिरफ्तार
अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा श्री चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में चलाए जा रहे “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत कोतवाली अल्मोड़ा एवं एसओजी की संयुक्त टीम ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 02 युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16.44 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 4.93 लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 23 मई 2026 की रात्रि अपर पुलिस अधीक्षक श्री हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन एवं सीओ अल्मोड़ा श्री बलवन्त सिंह रावत के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अल्मोड़ा श्री योगेश चन्द्र उपाध्याय तथा प्रभारी एसओजी श्री सुनील धानिक के नेतृत्व में संयुक्त पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान लोधिया बैरियर के पास दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान अभियुक्त सौरभ बिष्ट के कब्जे से 10 ग्राम तथा रोहित कुमार के कब्जे से 6.44 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कोतवाली अल्मोड़ा में एफआईआर संख्या-53/2026 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सौरभ बिष्ट (22 वर्ष) पुत्र बलवन्त सिंह बिष्ट निवासी गर भनार खोल्टा, अल्मोड़ा तथा रोहित कुमार (24 वर्ष) पुत्र कैलाश राम निवासी चचई, पोस्ट कन्यालीकोट, बागेश्वर हाल निवासी सरकार की आली, अल्मोड़ा के रूप में हुई है।
पुलिस अब दोनों आरोपियों से स्मैक के खरीद-फरोख्त के नेटवर्क और सप्लाई चेन के संबंध में पूछताछ कर रही है। एसएसपी अल्मोड़ा ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक आनंद बल्लभ कश्मीरा, कांस्टेबल इरशाद उल्ला, राकेश खेतवाल तथा गणेश पाण्डे शामिल रहे।

