पौड़ी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गांजा तस्करी नेटवर्क का मुख्य सप्लायर रामनगर से गिरफ्तार
पौड़ी। जनपद में नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत पौड़ी पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन में पुलिस टीम ने गांजा तस्करी नेटवर्क से जुड़े फरार मुख्य सप्लायर को रामनगर (नैनीताल) से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 12 मार्च 2026 को कोतवाली लैन्सडाउन क्षेत्र में सघन चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध वाहनों से कुल 89.81 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था। इस मामले में यशवंत सिंह और लव कुमार को मौके से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, जबकि तस्करी में प्रयुक्त वाहनों को सीज किया गया था। इस संबंध में कोतवाली लैन्सडाउन में मु0अ0सं0 04/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट व संगठित अपराध से संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया।
मामले की आगे की जांच में 17 मार्च 2026 को मुख्य नशा सप्लायर सहित दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इसी क्रम में एक अन्य आरोपी, जो तस्करों को गांजा उपलब्ध कराता था और लंबे समय से फरार चल रहा था, की तलाश जारी थी।
पुलिस की लगातार दबिश के बाद आरोपी रामस्वरूप नौटियाल उर्फ रब्बू (30 वर्ष), निवासी सारसो, पोस्ट सरायखेत, जनपद अल्मोड़ा को 24 मार्च 2026 को रामनगर से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक वीवो मोबाइल, एक आईफोन 16 तथा एक स्कॉर्पियो वाहन (UK19B-5199) बरामद किया है।
इस पूरे अभियान का संचालन अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर एवं क्षेत्राधिकारी कोटद्वार निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक लैन्सडाउन रमेश तनवर व सीआईयू प्रभारी रणजीत तोमर के नेतृत्व में किया गया।
पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।

