ऑपरेशन प्रहार में ऊधमसिंहनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 71 लाख की स्मैक के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार
रुद्रपुर/किच्छा: मुख्यमंत्री उत्तराखंड के निर्देशों पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत ऊधमसिंहनगर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 71 लाख रुपये की स्मैक बरामद की है। इस संयुक्त कार्रवाई में दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
किच्छा में महिला तस्कर से 133 ग्राम स्मैक बरामद
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में कोतवाली किच्छा पुलिस और एएनटीएफ कुमाऊं की संयुक्त टीम ने लालपुर चौकी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान महराया कट के पास एक महिला को संदिग्ध अवस्था में रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान सुरेंद्र कौर उर्फ छिन्दौ कौर (42 वर्ष), निवासी टिब्बा लालपुर, थाना किच्छा के कब्जे से 133 ग्राम अवैध स्मैक और 4000 रुपये नगद बरामद किए गए।
इस संबंध में कोतवाली किच्छा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर अभियुक्ता को न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
वहीं, कोतवाली रुद्रपुर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने बागवाला रुद्रपुर-रामपुर बाईपास पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया।
अभियुक्त अर्जुन सिंह (26 वर्ष), निवासी कपूरपुर, थाना मीरगंज, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) के कब्जे से 103.33 ग्राम स्मैक और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया।
इस मामले में कोतवाली रुद्रपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पूछताछ में अभियुक्त ने स्मैक फतेहगंज क्षेत्र से लाना स्वीकार किया है।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने और समाज को सुरक्षित रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

