उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 11 IAS-IFS अधिकारियों के विभाग बदले, शिक्षा, वित्त, परिवहन व आबकारी में नई जिम्मेदारियां

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने शुक्रवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) और भारतीय वन सेवा (IFS) के 11 वरिष्ठ अधिकारियों के विभागों में फेरबदल करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार कई महत्वपूर्ण विभागों में सचिव स्तर पर बदलाव किए गए हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल में शिक्षा, वित्त, परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी, आबकारी, पंचायती राज, गन्ना विकास, सचिवालय प्रशासन और राज्य संपत्ति जैसे प्रमुख विभाग शामिल हैं।

जारी आदेश के अनुसार प्रमुख सचिव एल. फैनई से आबकारी विभाग का प्रभार वापस लिया गया है। सचिव नितेश कुमार झा को सूचना प्रौद्योगिकी, सुशासन एवं विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग से मुक्त करते हुए पंचायती राज विभाग का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है।

सचिव रविनाथ रमन को विद्यालयी शिक्षा विभाग से हटाकर परिवहन विभाग का सचिव एवं परिवहन आयुक्त बनाया गया है। वहीं डॉ. पंकज कुमार पांडेय को सूचना प्रौद्योगिकी, सुशासन एवं विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बृजेश कुमार संत को परिवहन विभाग से हटाकर आबकारी विभाग का सचिव बनाया गया है। डॉ. सुरेन्द्र नारायण पांडेय को गन्ना विकास एवं चीनी विभाग का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है। ज्योति यादव को विद्यालयी शिक्षा (प्राथमिक एवं माध्यमिक) विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।
युगल किशोर पंत को सचिवालय प्रशासन विभाग, रणवीर सिंह चौहान को वित्त विभाग, जबकि अभिषेक रुहेला को राज्य संपत्ति विभाग का अपर सचिव एवं राज्य संपत्ति अधिकारी बनाया गया है। वहीं आईएफएस अधिकारी डॉ. पराग मधुकर धकाते से पंचायती राज विभाग का प्रभार वापस लिया गया है।
शासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन तैनाती वाले पदों का कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।

