जिला योजना 2026-27 पर मंथन, सीडीओ अभिनव शाह ने मांगी विभागों से विस्तृत कार्ययोजना
देहरादून। जिला योजना वर्ष 2026-27 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने विकास भवन में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर विस्तृत समीक्षा की। बैठक में विभिन्न विभागों को आवंटित बजट के अनुरूप योजनाओं और प्रस्तावों पर चर्चा की गई।
सीडीओ ने निर्देश दिए कि सभी विभाग एक सप्ताह के भीतर मदवार विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि जिला योजना में जनहित से जुड़ी योजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, साथ ही स्वरोजगार सृजन, चालू परियोजनाओं और नवाचार आधारित कार्यक्रमों को भी शामिल किया जाए ताकि बजट का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हो सके।
बैठक में स्वास्थ्य, प्रारंभिक व माध्यमिक शिक्षा, उद्योग, पर्यटन, युवा कल्याण, खेल और सूचना विभाग की प्रस्तावित योजनाओं की गहन समीक्षा की गई। अधिकारियों को योजनाओं को परिणामोन्मुख बनाने के निर्देश भी दिए गए।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी शशिकांत गिरि, मुख्य शिक्षा अधिकारी वीके ढौंडियाल, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम लाल भारती, जिला पर्यटन अधिकारी बृजेन्द्र पांडेय, जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

