दून विश्वविद्यालय में बाल नाट्य समारोह आयोजित, 50 से अधिक बाल कलाकारों ने दिखाई प्रतिभा

दून विश्वविद्यालय में बाल नाट्य समारोह आयोजित, 50 से अधिक बाल कलाकारों ने दिखाई प्रतिभा
Spread the love

देहरादून। दून विश्वविद्यालय के रंगमंच एवं लोक प्रदर्शन कला विभाग द्वारा एक दिवसीय बाल नाट्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें 50 से अधिक बाल कलाकारों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। यह आयोजन थिएटर विभाग के चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं के प्रोजेक्ट कार्य के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों में आयोजित कार्यशालाओं के समापन अवसर पर किया गया।

कार्यशाला के तहत रेनेसां द्रोण सीनियर सेकेंडरी स्कूल (डोईवाला), फिल्फोट पब्लिक स्कूल, सेंट पॉल हाई स्कूल (क्लेमेंट टाउन) और गुरुकुल कन्या महाविद्यालय सहित कई संस्थानों में बाल रंगमंच प्रशिक्षण दिया गया। समापन अवसर पर बच्चों द्वारा विभिन्न सामाजिक और शैक्षिक संदेशों पर आधारित नाटकों का मंचन किया गया।

रेनेसां द्रोण स्कूल के विद्यार्थियों ने “सात दिन का इंतजार” नाटक प्रस्तुत कर वृद्धाश्रम भेजे गए माता-पिता की पीड़ा को दर्शाया। वहीं सेंट पॉल हाई स्कूल के छात्रों ने “अनपढ़ राजा” नाटक के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। फिल्फोट पब्लिक स्कूल के बच्चों ने “नई दिशा” नाटक के जरिए आत्मविश्वास और सकारात्मक मार्गदर्शन की अहमियत को प्रस्तुत किया।

कार्यशाला में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने प्रशिक्षण प्रदान किया, जबकि काव्या, शौर्य, अक्षत, वाणी, केशव, कनिष्क सहित कई बाल कलाकारों ने अभिनय किया।
विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने अपने संदेश में कहा कि रंगमंच बच्चों के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। वहीं आईक्यूएसी निदेशक प्रो. एस.सी. पुरोहित ने इसे छात्रों के लिए व्यावहारिक अनुभव का महत्वपूर्ण अवसर बताया।

कार्यक्रम में दुर्गेश डिमरी, देवंडु रावत, रोहित जोशी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन में थिएटर विभाग के प्राध्यापक डॉ. अजीत पंवार और डॉ. कैलाश कंडवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

देवभूमि खबर

Related articles