विभाग और विद्यालयों के बीच सेतु का कार्य करेंगे बीआरपी: डॉ. धन सिंह रावत
देहरादून। समग्र शिक्षा परियोजना के अंतर्गत ब्लॉक रिसोर्स पर्सन (बीआरपी) एवं क्लस्टर रिसोर्स पर्सन (सीआरपी) का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया है। आने वाले समय में बीआरपी व सीआरपी विद्यालय और विभाग के बीच सेतु का काम करेंगे तथा शिक्षा को रोचक और गुणवत्तापूर्ण बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
सूबे के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने एससीईआरटी सभागार में बीआरपी-सीआरपी अभिमुखीकरण कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में वर्षों से रिक्त चल रहे 955 पदों पर आउटसोर्सिंग के माध्यम से भर्ती की गई है। यह भर्ती रोजगार प्रयाग पोर्टल के माध्यम से मेरिट के आधार पर की गई, जिसमें आरक्षण नियमों का भी पालन किया गया।
डॉ. रावत ने कहा कि इस प्रक्रिया में समय अधिक जरूर लगा, लेकिन विभाग को मेरिट के आधार पर श्रेष्ठ अभ्यर्थी मिले हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी चयनित बीआरपी व सीआरपी शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने में कोई कमी नहीं छोड़ेंगे।
प्रशिक्षण के पहले दिन एससीईआरटी की निदेशक वंदना गर्ब्याल ने चयनित अभ्यर्थियों को विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों की जानकारी दी। समग्र शिक्षा के एपीडी कुलदीप गैरोला ने बताया कि बीआरपी का मुख्य कार्य स्कूल, शिक्षक और विद्यार्थियों को अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग प्रदान करना है। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया को सफल बनाने में डॉ. रावत के मार्गदर्शन की सराहना की।
प्रशिक्षण कार्यशाला को अपर निदेशक एससीईआरटी पदमेन्द्र सकलानी, उप परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा अजीत भंडारी और बी.पी. मंदोली ने भी संबोधित किया। इस दौरान आउटसोर्स एजेंसी अलंकित के स्टेट हेड मोहर सिंह सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने समग्र शिक्षा के तहत प्रदेशभर के 5,16,569 छात्र-छात्राओं को गणवेश की धनराशि डीबीटी के माध्यम से उपलब्ध कराई। अधिकृत ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से एक क्लिक के साथ ही यह राशि सीधे छात्रों के खातों में स्थानांतरित की गई।
मंत्री डॉ. रावत ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता और छात्र-छात्राओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए लगातार ठोस कदम उठा रही है। निःशुल्क गणवेश योजना न केवल अभिभावकों का आर्थिक बोझ कम करेगी बल्कि बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित भी करेगी।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में चयनित बीआरपी-सीआरपी, विभागीय अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
