HTML tutorial
HTML tutorial

हरिद्वार में आधुनिक ‘कामधेनुलोक’ गौशाला का लोकार्पण, निराश्रित गोवंश को मिलेगा बेहतर संरक्षण

हरिद्वार में आधुनिक ‘कामधेनुलोक’ गौशाला का लोकार्पण, निराश्रित गोवंश को मिलेगा बेहतर संरक्षण
Spread the love

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हरिद्वार के सप्तऋषि स्थित कामधेनुलोक भवन में आधुनिक ‘कामधेनुलोक’ गौशाला का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला की ओर से गौसेवा, गोवंश संरक्षण और मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि गौसेवा भारतीय आस्था और संस्कृति का अभिन्न अंग होने के साथ पर्यावरण संरक्षण तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में गौ माता का विशेष स्थान है। गौसंरक्षण केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक जीवन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से भी जुड़ा हुआ है। गौपालन को प्राकृतिक खेती, जैविक खाद और ग्रामीण आजीविका से जोड़कर किसानों की आय बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्रोत्साहित किया जा सकता है।

उन्होंने श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला की सेवा यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2010 में मात्र 11 गोवंश के संरक्षण से शुरू हुआ अभियान आज व्यापक स्वरूप ले चुका है। संस्था की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, पांच राज्यों में 15 से अधिक गौशालाओं के माध्यम से 35 हजार से अधिक गोवंश की सेवा और संरक्षण किया जा रहा है। अकेले हरिद्वार में हजारों निराश्रित, घायल, वृद्ध और बीमार गोवंश को आजीवन संरक्षण दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने संस्था के मानव सेवा कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि संस्था की पांच हाइड्रोलिक गौसेवा एंबुलेंस के माध्यम से अब तक पांच हजार से अधिक गोवंश को बचाकर सुरक्षित आश्रय तक पहुंचाया गया है। संस्था प्रतिदिन 1500 से अधिक जरूरतमंद लोगों को भोजन कराने के साथ जरूरतमंद परिवारों को राशन और चिकित्सा सहायता भी उपलब्ध करा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गौसंरक्षण, देसी नस्लों के संवर्धन और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। उत्तराखंड सरकार भी गौशालाओं के आधुनिकीकरण, निराश्रित गोवंश की देखरेख और गौ आधारित आजीविका को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में बद्री गाय के शुद्ध घी और अन्य दुग्ध उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विशेष विकास केंद्र स्थापित किए गए हैं। अकेले चमोली जिले में तीन ऐसे केंद्र संचालित हो रहे हैं, जिनसे स्थानीय पशुपालकों और ग्रामीण परिवारों को स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के 72 पंजीकृत और 9 अनुबंधित गोसदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जा रहा है। ग्राम्य गोसेवक योजना को पायलट परियोजना के रूप में शुरू किया गया है। इसके अतिरिक्त शहरी विकास और पंचायती राज विभाग के सहयोग से प्रदेश में 63 स्थानों पर गौशाला निर्माण के लिए भूमि चिह्नित की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि निराश्रित गोवंश का संरक्षण वर्तमान समय की महत्वपूर्ण चुनौती है। कृषि कार्यों में मशीनों का उपयोग बढ़ने से विशेषकर नंदियों की पारंपरिक उपयोगिता प्रभावित हुई है। ऐसे में गौसंरक्षण के लिए दीर्घकालिक और व्यावहारिक समाधान विकसित करने की जरूरत है। गौशालाओं को प्राकृतिक खेती, जैविक खाद, बायोगैस और कृषि नवाचारों से जोड़कर इस चुनौती को ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए अवसर में बदला जा सकता है।

उन्होंने कहा कि गौसेवा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। राज्य सरकार गौसंरक्षण से संबंधित कानूनों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कर रही है। गोवंश के प्रति क्रूरता और गौहत्या जैसी गैरकानूनी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार देश की आस्था और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र है। कामधेनुलोक जैसी परियोजनाएं इसकी धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को और समृद्ध करेंगी। वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले हरिद्वार कुंभ को भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सरकार व्यापक तैयारियां कर रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़क, यातायात, नए पुलों, संपर्क मार्गों और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। सुरक्षा, स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने के साथ आधुनिक तकनीक आधारित भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था भी विकसित की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि कामधेनुलोक गौशाला गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण और आध्यात्मिक पर्यटन के समन्वय का अनुकरणीय मॉडल बनेगी। उन्होंने इस पुनीत कार्य के लिए श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला से जुड़े संतों, सेवकों, पदाधिकारियों और सहयोगियों को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मदन कौशिक एवं प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल एवं प्रीतम सिंह पंवार, महामंडलेश्वर स्वामी ईश्वरदास महाराज, स्वामी आत्मानंद महाराज सहित अनेक संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles