शतचंडी महायज्ञ और भागवत कथा में शामिल हुए सीए राजेश्वर पैन्यूली, क्षेत्र में संस्कृत विश्वविद्यालय खोलने का दिलाया भरोसा

शतचंडी महायज्ञ और भागवत कथा में शामिल हुए सीए राजेश्वर पैन्यूली, क्षेत्र में संस्कृत विश्वविद्यालय खोलने का दिलाया भरोसा
Spread the love

नई टिहरी। प्रतापनगर क्षेत्र के ब्राह्मणों की गैरी गांव में आयोजित नौ दिवसीय श्री श्री 1008 श्री शतचंडी महायज्ञ में भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ के सह संयोजक एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट राजेश्वर पैन्यूली ने सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने पनियाला गांव में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में भी उपस्थित होकर क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

धार्मिक आयोजनों में भाग लेने के दौरान सीए राजेश्वर पैन्यूली ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी एकता, भाईचारा और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि महायज्ञ और धार्मिक अनुष्ठानों से क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा लोगों में आध्यात्मिक चेतना बढ़ती है, जिससे सुख, शांति और समृद्धि का वातावरण स्थापित होता है।

इस दौरान क्षेत्र के ग्रामीणों ने पलायन की समस्या को उठाते हुए क्षेत्र में उच्च शिक्षा संस्थान स्थापित किए जाने की मांग रखी। ग्रामीणों ने कहा कि बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं के अभाव में युवाओं को पलायन के लिए मजबूर होना पड़ता है।

ग्रामीणों की मांग पर सीए राजेश्वर पैन्यूली ने आश्वासन दिया कि क्षेत्र में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय की तर्ज पर अंतरराष्ट्रीय स्तर के संस्कृत विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित विश्वविद्यालय में अत्याधुनिक परिसर, उच्च स्तरीय शैक्षणिक सुविधाएं तथा भारतीय संस्कृति और मूल्यों पर आधारित शिक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर एवं गरीब बच्चों को निशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि शिक्षा और संस्कृति के संरक्षण के माध्यम से ही क्षेत्र के विकास और पलायन जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान संभव है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, ग्रामीण एवं क्षेत्रीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles