विकासनगर में बंद मकान से चली गोली, युवक की मौत; गंभीर घायल महिला अस्पताल में भर्ती

Spread the love

देहरादून। विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के कल्याणपुर में बुधवार सुबह एक बंद मकान से गोली चलने की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा। घर के भीतर एक युवक मृत अवस्था में और एक महिला गंभीर रूप से घायल मिली। पुलिस ने घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को सुबह 10:19 बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि कल्याणपुर क्षेत्र के एक बंद मकान से गोली चलने की आवाज आई है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक विकासनगर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मकान का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण पुलिस ने उसे तोड़कर अंदर प्रवेश किया।

घर के एक कमरे में कमलेश पुत्र दौलत सिंह निवासी हयो, थाना चकराता, मृत अवस्था में मिले, जबकि संगीता नेगी पत्नी प्रीतम सिंह निवासी ग्राम भटाणु, त्यूणी गंभीर रूप से घायल थीं। पुलिस ने महिला को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में बेहतर उपचार के लिए ग्राफिक एरा अस्पताल रेफर कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि जिस मकान में घटना हुई, वह रविंद्र बिष्ट पुत्र त्रिलोक सिंह का है। इस मकान में संगीता नेगी अपने दो बच्चों के साथ किराये पर रहती थीं।

घटनास्थल से पुलिस ने 315 बोर का तमंचा, एक खोखा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। फील्ड यूनिट की टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं।

पुलिस का कहना है कि घटना के कारणों की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। महिला के बयान और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles